शुक्रवार, 15 सितंबर, 2006 को 13:51 GMT तक के समाचार
कनाडा पुलिस का कहना है कि माँट्रियाल शहर के एक कॉलेज में बुधवार को अंधाधुंध फायरिंग करने वाले युवक ने ख़ुद ही अपने सिर में गोली मारी थी और उसी की वजह से उसकी मौत हुई.
इससे पहले पुलिस ने कहा था कि डॉसन कॉलेज में फायरिंग करने वाले हमलावर किमवीर गिल को पुलिस अधिकारियों ने मार गिराया था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ़ हुआ है कि किमवीर की बाँह में लगी पुलिस की गोली से उसकी जान नहीं गई.
ग़ौरतलब हो कि 25 वर्षीय किमवीर ने बुधवार को गोलियाँ चलाकर एक युवती को मार डाला था और 19 लोगों को घायल कर दिया था.
घायलों में से चार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इस घटना के बाद कनाडा की बंदूक नियंत्रण नीति पर सवाल उठने लगे है.
मॉन्ट्रियल निवासी किमवीर ने वेबसाइट पर अपने ब्लॉग में ख़ुद को “मौत का दूत” बताया था.
इसमें अलग-अलग बंदूकों के साथ उसके 50 से अधिक फ़ोटो भी हैं.
घटनाक्रम
किमवीर काले कपड़े पहनकर बुधवाकर को दोपहर के भोजन के समय डॉसन कॉलेज की कैंटीन में घुसा और अंधाधुंध गोलियाँ चलाने लगा.
छात्र घबराकर इधर-उधर भागे, कई ने अपने-आपको एक क्लासरूम में बंद कर लिया.
छात्रों ने बताया कि बंदूकधारी हमलावर आधे घंटे तक गोलियाँ चलाता रहा.
कनाडा में पहले भी इस तरह की गोलीबारी की घटनाएँ होती रही हैं.
1989 में हुई गोलीबारी में 14 छात्राएँ मारी गई थीं, उसके बाद हमलावर ने ख़ुद को गोली मार ली थी.