गुरुवार, 14 सितंबर, 2006 को 06:02 GMT तक के समाचार
भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की ब्राज़ील यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं.
करोड़ो डॉलर के इन समझौतों में टेक्नॉलॉजी और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में परस्पर सहयोग शामिल है.
ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुईज़ इनासियो लूला डि सिल्वा ने कहा कि इन समझौतों से दोनों देशों के रिश्ते मज़बूत होंगे.
भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दक्षिण अफ्रीका और ब्राज़ील के शीर्ष नेताओं से भी मुलाक़ात की है.
ब्राज़ील की राजधानी ब्राज़ीलिया में तीन देशों की शिखर बैठक हुई जिसका उद्देश्य दुनिया की तीन प्रमुख उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं के बीच तालमेल बढ़ाना है.
मनमोहन सिंह ने ब्राज़ील के राष्ट्रपति को एक बेहतरीन राजनेता और दुनिया की उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं का अगुआ बताया.
ब्राज़ील के राष्ट्रपति ने बताया कि भारत और ब्राज़ील के बीच 1999 में सिर्फ़ 40 करोड़ डॉलर का कारोबार होता था जो अब बढ़कर दो अरब डॉलर तक जा पहुँचा है.
भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ्रीका के इस अनौपचारिक गठबंधन को (इब्सा) के नाम से जाना जाता है और इसका गठन 2003 में किया गया था.
भारतीय प्रधानमंत्री ब्राज़ील के बाद क्यूबा जा रहे हैं.