http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 14 सितंबर, 2006 को 04:03 GMT तक के समाचार

कनाडा के स्कूल में अंधाधुंध गोलीबारी

कनाडा के शहर मॉन्ट्रियल में एक बंदूकधारी ने एक स्कूल में अंधाधुंध गोलियाँ चलाकर एक महिला को मार डाला और 20 लोगों को घायल कर दिया.

पुलिस ने गोलियाँ चलाने वाले व्यक्ति को मार डाला है.

हमलावर काले कपड़े पहनकर दोपहर के भोजन के समय स्कूल की कैंटीन में घुसा और अंधाधुंध गोलियाँ चलाने लगा.

डॉसन स्कूल के छात्र घबराकर इधर-उधर भागे, कई बच्चों ने अपने-आपको एक क्लासरूम में बंद कर लिया.

घायलों में से छह लोगों को हालत गंभीर बताई जा रही है और मॉन्ट्रियल के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.

मॉन्ट्रियल के पुलिस प्रमुख यान डेलमॉर ने बताया पुलिस अधिकारी थोड़ी ही देर बाद स्कूल की इमारत में पहुँच गए और उन्होंने हमलावर को मार डाला.

छात्रों ने बताया कि बंदूकधारी हमलावर आधे घंटे तक गोलियाँ चलाता रहा, उसने कम से कम 20 गोलियाँ चलाईं.

एक प्रत्यक्षदर्शी छात्र ने बताया, "हमलावर ने कुछ नहीं कहा, उसका चेहरा बिल्कुल पत्थर की तरह भावहीन था, उसने फौजी कोट पहन रखा था, वह बिना कुछ कहे-पूछे गोलियाँ चलाने लगा."

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि किस तरह हमलावर ने सीढ़ियों पर डरे हुए छात्रों का पीछा किया.

कनाडा के प्रधानमंत्री ने इस घटना को एक कायरतापूर्ण कार्रवाई बताया है.

कनाडा में पहले भी इस तरह की गोलीबारी की घटनाएँ होती रही हैं, 1989 में हुई गोलीबारी में 14 युवा छात्राएँ मारी गई थीं, उसके बाद हमलावर ने ख़ुद को गोली मार ली थी.