http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 13 सितंबर, 2006 को 08:24 GMT तक के समाचार

बग़दाद में साठ लाशें मिलीं

इराक़ की राजधानी बग़दाद में मंगलवार की सुबह से अब तक कोई 60 लाशें मिल चुकी हैं.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई लोगों को बाँध दिया गया था और गोली मारने से पहले उन्हें यातनाएँ दी गई थीं.

इस बीच शहर में एक कार बम विस्फोट हुआ है जिसमें कम से कम 10 लोग मारे गए हैं और 33 लोग घायल हुए हैं.

इसके अलावा सेना के एक प्रशिक्षण केंद्र में मोर्टार दाग़े गए हैं जिसमें चार लोग घायल हुए हैं.

शहर भर में लाशें

हिंसा के शिकार लोगों की लाशें दजला नदी के पूर्वी भाग में शिया ज़िलों में मिली हैं.

ये शिया बहुल इलाक़े हैं और ज़्यादातर लाशें सुन्नियों की हैं.

पंद्रह लाशें बग़दाद के पूर्वी भाग में शियाओं की बस्ती के पास मिली हैं.

पुलिस इनमें से किसी की भी पहचान नहीं कर पाई है और यह भी नहीं बता पा रही है कि वे शिया हैं या सुन्नी.

समुदायों के आधार पर इस तरह की हत्याएँ इराक़ में नई नहीं हैं लेकिन चौबीस घंटों में इतनी बड़ी संख्या में लाशें मिलने की यह पहली घटना है.

इनमें से कुछ लोग वो हो सकते हैं जिनका अपहरण गिरोहों ने फ़िरौती के लिए किया होगा.

इस बीच पुलिस को निशाना बनाकर शहर के फ़ुटबॉल स्टेडियम के पास एक बम विस्फोट भी किया गया है.