http://www.bbcchindi.com

रविवार, 10 सितंबर, 2006 को 23:31 GMT तक के समाचार

बुश प्रशासन की नीतियों पर विवाद

अमरीका पर ग्यारह सितंबर 2001 को हुए हमलों के पाँच साल बाद बुश प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी ‘आतंकवाद के ख़िलाफ़ युद्ध’ में प्रशासन की कारगुज़ारी को सही ठहराने के प्रयासों में जुटे हुए हैं.

अमरीका में विपक्षी दल डेमोक्रैटिक पार्टी ने राष्ट्रपति बुश पर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने न्यूयॉर्क और वाशिंगटन पर हुए हमलों से राजनीतिक लाभ उठाया.

उन पर ‘इराक़ की दलदल’ में धंसते जाने का आरोप भी लगा है. महत्वपूर्ण है कि नवंबर में अमरीका में संसदीय चुनावों से पहले ये आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरु हुआ है.

ग्यारह सितंबर के हमलों के पाँच साल: विशेष प्रस्तुति

लेकिन एक टीवी इंटरव्यू में उप राष्ट्रपति डिक चेनी ने कहा है कि अमरीका पर ग्यारह सितंबर 2001 के बाद हमले नहीं हुए हैं.

डिक चेना का कहना था कि इस तथ्य से संकेत मिलता है कि बुश प्रशासन सही दिशा में चल रहा है.

समाचार एजेंसियों के अनुसार उनका कहना था, "मुझे तो समझ नहीं आता कि आप पाँच साल में कोई हमला न होना, हमलों को विफल करना, पाँच साल में अल क़ायदा के हमले के प्रयासों को हराने का क्या स्पष्टीकरण देते हैं. शायद आपकों ये मानना चाहिए कि शायद किसी ने कुछ ठीक काम किया है."

अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस ने कहा है कि अमरीका उस समय के मुकाबले में तो अधिक सुरक्षित हुआ है लेकिन वह अभी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है.