बुधवार, 06 सितंबर, 2006 को 20:02 GMT तक के समाचार
अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने पहली बार माना है कि अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसी सीआईए की गुप्त जेलें हैं और कहा है कि 14 प्रमुख 'संदिग्ध आतंकवादियों' को क्यूबा में ग्वांतानामो बे भेज दिया गया है.
इन संदिग्धों में ग्यारह सितंबर के हमलों का सूत्रधार ख़ालिद शेख़ मोहम्मद शामिल है, जिसे सीआईए की हिरासत में रखा गया था. अब उस पर मुक़दमा चलाया जाएगा.
राष्ट्रपति बुश ने कहा है कि सीआईए का पूछताछ कार्यक्रम बहुत विस्तृत है.
इससे पहले सीआईए के इस विवादित कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं दी गई थी.
अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा है कि सीआईए की दुनिया भर की ख़ुफ़िया जेलों में की गई पूछताछ से कई अहम जानकारियाँ मिली हैं और इसकी वजह से कई बड़े आतंकी हमले को रोका जा सका है.
उन्होंने कहा कि इन जेलों में कड़ी पूछताछ की जाती है लेकिन इस बात से इंकार किया कि इसमें प्रताड़ित किया जाता है.
उनका कहना था कि सभी संदिग्धों को लेकर जेनेवा समझौते का पालन किया गया.
नए दिशा-निर्देश
राष्ट्रपति बुश ने कहा कि वे सीआईए के पूछताछ कार्यक्रम का सीमित विवरण दे रहे हैं क्योंकि अब इन संदिग्धों के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाया जाना है.
इससे पहले बुश प्रशासन इन सभी लोगों के ख़िलाफ़ एक सैन्य आयोग में मामला चलाना चाहता था लेकिन अमरीकी सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जब तक संसद इसकी मंज़ूरी न दे ऐसा करना ग़ैरक़ानूनी होगा.
उन्होंने कहा कि वे संसद से ऐसी मंज़ूरी देने के लिए अनुरोध करेंगे.
इससे पहले अमरीकी रक्षाविभाग ने बुधवार को नए नियम क़ायदे जारी करते हुए इन संदिग्ध लोगों को जेनेवा समझौते के तहत सुरक्षा देने का फ़ैसला किया है.
इससे पहले अमरीकी रक्षा विभाग कहता रहा था कि ये सभी संदिग्ध ऐसी कोई सुरक्षा पाने के हक़दार नहीं है.
नए समझौते के तहत क़ैदियों को किसी भी तरह से प्रताड़ित नहीं किया जा सकेगा.