शनिवार, 02 सितंबर, 2006 को 06:13 GMT तक के समाचार
ब्रिटेन में आतंकवाद निरोधक पुलिस का कहना है कि शुक्रवार देर रात चलाए गए एक अभियान में दक्षिणी और पूर्वी लंदन से 14 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
पुलिस का कहना है कि कई महीने तक चली जाँच और संदिग्ध लोगों पर नज़र रखने के बाद ये गिरफ़्तारियाँ की गईं.
स्कॉटलैंड यार्ड के अनुसार पुलिस का ये अभियान ख़ुफ़िया जानकारी पर आधारित था.
इन पर 'आतंकवादी गतिविधियों' की योजना बनाने, तैयारी करने या फिर ऐसी गतिविधियों को प्रोत्साहन देने का संदेह है.
संदिग्ध लोगों को आतंकवाद क़ानून 2000 के तहत गिरफ़्तार किया गया है और केंद्रीय लंदन के एक पुलिस स्टेशन में रखा गया है.
लंदन में कई जगहों पर घरों की तलाशी ली जा रही है.
लेकिन पुलिस ने ये स्पष्ट किया है कि वर्तमान अभियान का पिछले महीने अमरीका जा रहे विमानों में उड़ान भरते समय विस्फ़ोट करने की साज़िश से संबंधित नहीं है.
पुलिस का ये भी कहना है कि इन गिरफ़्तारियों का पिछले साल लंदन में हुए बम धमाकों से भी कोई संबंध नहीं है.