शनिवार, 02 सितंबर, 2006 को 14:21 GMT तक के समाचार
लेबनान में संयुक्त राष्ट्र सेना में सबसे बड़ा हिस्सा बनने वाली इतालवी सेना शनिवार से लेबनान पहुँचना शुरू हो गई है.
संयुक्त राष्ट्र सेना लेबनान में इसराइल और हिज़्बुल्ला के बीच युद्ध विराम की निगरानी करेगी.
इतालवी सेना का पहला काफ़िला टायर शहर में बंदरगाह पर शनिवार को पहुँचा. इसके अलावा इतालवी विमान भी विमान वाहक जहाज़ से सैनिकों को लेबनान में ज़मीन पर पहुँचा रहे हैं.
लेबनान के दक्षिण में नक़ौरा स्थित संयुक्त राष्ट्र के ठिकाने पर सैनिक वाहन सामान पहुँचा रहे हैं.
अगले आठ दिन में क़रीब आठ सौ इतालवी सैनिक लेबनान पहुँचेंगे और जब से इसराइल और हिज़्बुल्ला के बीच यु्द्ध विराम हुआ है तब से यह पहली बड़ी अंतरराष्ट्रीय तैनाती होगी.
इसराइल ने कहा है कि वह लेबनान के इलाक़ों से तब तक अपनी सेना नहीं हटाएगा जब तक कि कम से कम पाँच हज़ार संयुक्त राष्ट्र सेना तैनात नहीं हो जाती है.
उधर दक्षिणी लेबनान में संयुक्त राष्ट्र के कमांडर का कहना है कि इतने सैनिक तैनात करने में कम से कम एक पखवाड़े का समय तो लग ही जाएगा.
लेबनान में संयुक्त राष्ट्र की देखरेख में तैनात होने वाले सैनिकों की संख्या 15 हज़ार होगी.
टायर में मौजूद एक बीबीसी संवाददाता का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में तैनात होने वाले सैनिकों का आम लोगों ने आमतौर पर स्वागत किया है लेकिन सेना की तैनाती के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने जो ज़्यादा समय लिया उसे लेकर अब भी लोगों में कुछ नाराज़गी देखी जा रही है.