शनिवार, 02 सितंबर, 2006 को 11:46 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान ईरानी नेताओं से बातचीत के लिए तेहरान पहुँच गए हैं. बातचीत का मक़सद लेबनान में युद्धविराम को मज़बूती प्रदान करना है.
इसके पहले कोफ़ी अन्नान सीरिया गए थे. उन्होंने कहा कि हिज़्बुल्ला को हथियारों की तस्करी रोकने पर उन्हें सीरिया की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं.
तेहरान से बीबीसी संवाददाता का कहना है कि कोफ़ी अन्नान ईरान से भी आश्वासन चाहते हैं कि वह लेबनान में दख़ल नहीं देगा.
संवाददाताओं का ये भी कहना है कि बातचीत में कोफ़ी अन्नान ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी चिंता व्यक्त कर सकते हैं.
ईरान ने अपना परमाणु संवर्द्धन कार्यक्रम बंद करने की संयुक्त राष्ट्र की समयसीमा को मानने से इनकार कर दिया था.
इस बीच ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा है कि ईरान अपने अधिकारों की रक्षा करेगा और अपना परमाणु कार्यक्रम जारी रखेगा. उनका कहना है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण कार्यों के लिए है.
युद्धविराम
संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों के तहत लेबनान और इसराइल में युद्धविराम पर सहमति हुई है.
प्रस्ताव 1701 में अन्य देशों से यह भी मांग की गई है कि वह लेबनानी सरकार के अलावा किसी भी संगठन को हथियारों की सप्लाई न करे.
सीरिया के साथ-साथ ईरान को हिज़्बुल्ला का समर्थक माना जाता है. ईरान का कहना है कि हिज़्बुल्ला को उसका समर्थन राजनीतिक है.
लेकिन जानकारों का कहना है कि ईरान हिज़्बुल्ला को हथियार भी देता है. शुक्रवार को कोफ़ी अन्नान ने सीरिया में राष्ट्रपति बशर अल असद से मुलाक़ात की थी.
मुलाक़ात के बाद उन्होंने कहा कि सीरिया ने लेबनान से लगी अपनी सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने और हिज़्बुल्ला को हथियारों को तस्करी रोकने का वादा किया है.