गुरुवार, 31 अगस्त, 2006 को 18:35 GMT तक के समाचार
लेबनान के पुनर्निर्माण के लिए धन जुटाने के वास्ते स्वीडन में हो रहे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में घोषणा की गई है कि लगभग 90 करोड़ डॉलर की रक़म जुटा ली गई है.
स्वीडन के विदेश मंत्री ने स्टॉकहोम में इस सम्मेलन में यह घोषणा की.
इसे मिलाकर अब तक लेबनान के पुनर्निर्माण के लिए एक अरब बीस करोड़ डॉलर की रक़म के आश्वासन मिल चुके हैं.
इससे पहले लेबनान के प्रधानमंत्री फ़ुआद सिन्यूरा ने अपने देश के पुनर्निर्माण पर हो रहे अंतरराष्ट्रीय दानदाता सम्मेलन में मदद की भावुक अपील की थी.
उन्होंने कहा कि इसराइल और हिज़्बुल्ला के बीच भीषण लड़ाई के बाद देश का बुनियादी ढाँचा बिखर चुका है और उसे फिर से बनाने के लिए तुरंत मदद की ज़रूरत है.
फ़ुआद सिन्यूरा ने कहा कि लेबनान एक ऐसा देश था जिसमें ख़ुशहाली और प्रगति नज़र आती थी लेकिन अब वहाँ तबाही, विस्थापन और मौत के निशान नज़र आते हैं.
सिन्यूरा ने स्वीडन के स्टॉकहोम में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कहा कि इसराइली हमले ने लेबनान में अरबों डॉलर की तबाही की है और अगर इसराइल ने लेबनान के सभी हिस्सों से अपनी सेना नहीं हटाई तो पुनर्निर्माण के कार्यों में बाधा आएगी.
इस सम्मेलन में उम्मीद जताई गई कि लेबनान के पुनर्निर्माण कार्यों के लिए पचास करोड़ डॉलर की रक़म जुटाई जा सकेगी.
लेबनान के पुनर्निर्माण कार्यों पर कुल साढ़े तीन अरब डॉलर से ज़्यादा का ख़र्च आने का अनुमान लगाया गया है.