http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 31 अगस्त, 2006 को 18:12 GMT तक के समाचार

क्लस्टर बमों के बारे में नक्शे की माँग

संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान ने बताया है कि उन्होंने इसराइल से लेबनान में उन स्थानों के नक्शे सौंपने को कहा है जहाँ उसने हाल ही में हिज़्बुल्ला के साथ हुए युद्ध के दौरान क्लस्टर बम गिराए होंगे.

कोफ़ी अन्नान ने कहा है कि क्लस्टर बमों का इस्तेमाल आम आबादी वाले इलाक़ों में नहीं किया जाना चाहिए और लेबनान में जहाँ क्लस्टर बम गिराए गए होंगे उन्हें जल्दी से जल्दी नाकाम करना बहुत ज़रूरी है.

संयुक्त राष्ट्र ने अनुमान लगाया है कि लेबनान में गिराए गए इसराइली क्लस्टर बमों में से बहुत से अब भी बिना फटे हुए पड़े होंगे और उनकी संख्या सैकड़ों से हज़ारों तक हो सकती है.

कोफ़ी अन्नान इसराइल और हिज़्बुल्ला के बीच हुए युद्ध विराम को टिकाऊ बनाने की कोशिश कर रहे हैं और इन प्रयासों के तहत उन्होंने गुरूवार को सीरिया का दौरा किया है.

इससे पहले संयुक्त राष्ट्र ने लेबनान में इसराइल के क्लस्टर बम इस्तेमाल करने की कड़ी आलोचना की.

संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता के प्रमुख यान इगलान ने लेबनान में इसराइल के क्लस्टर बम इस्तेमाल करने को 'पूरी तरह अमानवीय क़रार' दिया.

उनका कहना था कि इसराइल ने हिज़्बुल्ला के साथ हुई लड़ाई के आख़िरी दिनों में क्लस्टर बमों का भारी इस्तेमाल किया.

यान इगलान का कहना था कि पूरे संघर्ष में जितने क्लस्टर बमों का इस्तेमाल किया गया, उसका 90 प्रतिशत युद्धविराम के पहले के 72 घंटो में किया गया.

संयुक्त राष्ट्र विशेषज्ञों का कहना है कि 359 स्थानों पर एक लाख बिना फटे क्लस्टर बम बरामद हुए हैं.

दरअसल क्लस्टर बम में छोटे-छोटे अनेक बम लगे होते हैं और दागे जाने के बाद ये दूर दूर तक फैल जाते हैं.

इनमें से कुछ बम तत्काल नहीं फटते और वर्षों तक बारूदी सुरंग का काम करते हैं.

जबकि अब तक इसराइल यह कहता आया है कि इस लड़ाई में उसने जो हथियार इस्तेमाल किए हैं, वे अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों के दायरे में हैं.