मंगलवार, 29 अगस्त, 2006 को 10:38 GMT तक के समाचार
इराक़ से मिली ख़बरों के मुताबिक वहाँ एक तेल पाइपलाइन में हुए धमाके में 30 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.
माना जा रहा है मारे गए लोग बग़दाद से करीब 130 किलोमीटर दूर स्थित दिवानिया इलाक़े में पाइपलाइन से तेल निकालने की कोशिश कर रहे थे.
तेल पाइपलाइन में हुए धमाके के चलते वहाँ आग लग गई. पुलिस का कहना है कि आग के चलते राहत कार्य में बाधा आ रही है.
दिवानिया में सोमवार को इराक़ी सेना और शिया मिलिशिया के लड़ाकों के बीच संघर्ष भी हुआ था. इसमें 19 सैनिक मारे गए थे और 40 लोग घायल हो गए थे.
अधिकारियों के मुताबिक मेहदी सेना के करीब 40 बंदूकधारी भी इस संघर्ष में मारे गए थे.
शव बरामद
मंगलवार को हुई एक अन्य घटना में पुलिस को बग़दाद के एक ज़िले में एक स्कूल के पास 11 शव मिले हैं.
पुलिस का कहना है कि शवों पर प्रताड़ना के निशान हैं और लोगों को सीने और सर में गोली मारी गई है. मारे गए लोगों की पहचान के बारे में अभी पता नहीं चला है.
ये घटना ऐसे समय हुई है जब अमरीकी और इराक़ी सेना नए सुरक्षा अभियान में जुटी है जिसका मकसद बग़दाद में हिंसा कम करना है.
मंगलवार को बक़ूबा शहर में चरमपंथियों ने दो शिया मिलिशिया को भी मार दिया.
इराक़ी पुलिस ने एएफ़पी को बताया है कि शिया नेता मुक़तदा अल सद्र के कार्यालय पर हुए हमले के दौरान ये लोग मारे गए.
उधर अमरीकी सेना ने कहा है कि मंगलवार को इराक़ में दो अमरीकी सैनिक मारे गए हैं-एक की मौत अनबार प्रांत में हुई और दूसरे की मौत एक दुर्घटना के बाद चोट लगने से हुई.