रविवार, 27 अगस्त, 2006 को 10:34 GMT तक के समाचार
अमरीकी समाचार संगठन फ़ॉक्स न्यूज़ ने बताया है कि लगभग दो हफ़्ते पहले ग़ज़ा क्षेत्र में अपहृत उसके दो पत्रकारों को रिहा कर दिया गया है.
इन पत्रकारों का 14 अगस्त को अपहरण हो गया था. इनमें से एक पत्रकार अमरीका का है जबकि दूसरा न्यूज़ीलैंड का.
प्राप्त जानकारियों के मुताबिक इन दोनों पत्रकारों, स्टीव सेंटनी और ओल्फ़ विग को ग़ज़ा शहर में एक होटल के बाहर छोड़ दिया गया था.
लोगों के जिस समूह ने इन पत्रकारों को अगवा किया था उन्होंने अमरीका से माँग की थी कि वो अपनी जेलों में क़ैद सभी मुस्लिमों को रिहा कर दें.
इसके लिए शनिवार दोपहर तक की समयसीमा तय की गई थी.
इससे पहले बुधवार को इन दोनों पत्रकारों का एक वीडिया जारी किया गया था जिसमें इन दोनों ने कहा था कि वो ठीक हैं और उनके साथ अच्छा व्यवहार किया जा रहा है.
रिहाई
इन पत्रकारों को फ़लस्तीनी सुरक्षा सेवा मुख्यालय के सामने से उनके वाहनों से उतारकर अगवा कर लिया गया था.
अपहृत पत्रकारों में से एक ओल्फ़ विग की पत्नी ने इन दोनों की रिहाई की गुहार लगाई थी. उन्होंने इस सिलसिले में फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री इस्माइल हानिया से मुलाक़ात भी की थी.
अपहरण करने वाले ख़ुद को पवित्र जिहाद ब्रिगेड का सदस्य बता रहे थे. ये नाम इस घटना से पहले सुनने को नहीं मिला है.
ग़ौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में ग़ज़ा क्षेत्र में कई विदेशी लोगों का इस तरह से अपहरण किया गया है.
हालांकि इन लोगों को किसी तरह का नुकसान पहुँचाए बिना ही छोड़ दिया गया है.