शनिवार, 26 अगस्त, 2006 को 20:58 GMT तक के समाचार
दक्षिण अफ़्रीका के आंतरिक सुरक्षा मामलों के मंत्री ने सलाह दी है कि यदि पुलिसकर्मियों के पास कार न हो तो घटनास्थल पर पहुँचने के लिए साइकिल या गधों का प्रयोग करें.
इस मंत्री के अपराध संबंधी बयान पर पहले भी विवाद हो चुका है.
उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ़्रीका में विश्व में सबसे अधिक हिंसक अपराध होते हैं.
पुलिस विभाग के एक पुरस्कार वितरण समारोह में मंत्री चार्ल्स एनकाकुला ने कहा कि जो पुलिसकर्मी अपना काम नहीं कर सकते उन्हें नौकरी छोड़ देनी चाहिए.
इस समारोह में उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता दोनों को अपराध के प्रति एक जैसा रवैया रखना होगा और इसे बर्दाश्त करना बंद करना होगा.
प्रिटोरिया के एक अख़बार में प्रकाशित ख़बर के अनुसार जब पुलिस विभाग ने कहा कि उनके पास घटनास्थल तक पहुँचने के लिए गाड़ियाँ नहीं होतीं तो एनकाकुला ने कहा, "यदि आपके पास कार नहीं है तो सायकिल से जाओ या गधे की सवारी करो."
इससे पहले इसी मंत्री ने अपराध पर टिप्पणी करते हुए कह दिया था कि अपराध को लेकर जो लोग शोर मचा रहे हैं उन्हें देश छोड़कर चले जाना चाहिए.
उनके इस विवाद पर काफ़ी विवाद हुआ था.