http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 25 अगस्त, 2006 को 22:00 GMT तक के समाचार

यूरोपीय संघ आधे शांति सैनिक भेजेगा

यूरोपीय संघ के देश दक्षिणी लेबनान में तैनात किए जाने वाले 15 हज़ार शांति सैनिकों में से आधे सैनिकों का योगदान देने पर सहमत हो गए हैं.

संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान ने यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों से बातचीत के बाद यह घोषणा की. उन्होंने कहा शांति सेना का नेतृत्व फ़्रांस करेगा और तैनाती कुछ ही दिनों में शुरू हो जाएगी.

फ़्रांस लगभग दो हज़ार अतिरिक्त सैनिक भेजेगा और इटली लगभग तीन हज़ार सैनिकों का योगदान देगा. शुरु में फ़्रांस ने सिर्फ़ 200 सैनिक भेजने की घोषणा की थी.

इसके अलावा स्पेन, बेल्जियम और फिनलैंड भी लेबनान में तैनात होनेवाले शांति सैनिकों में योगदान करेंगे.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि भविष्य में एक मुद्दे पर परेशानी पेश आ सकती है क्योंकि यूरोपीय देशों ने हिज़्बुल्ला लड़ाकों से हथियार वापस लेने के मुद्दे से हाथ खींच लिया है और यह काम लेबनान की सेना पर छोड़ दिया है.

इसके पहले फ़्रांस के राष्ट्रपति ज़्याक शिराक ने कहा था कि इस छोटे से क्षेत्र में 15 हज़ार सैनिक बहुत ज़्यादा हैं. इसके बाद अनुमान लगाया जा रहा था कि यूरोपीय देश शायद शांति सेना में ज़्यादा सैनिकों का योगदान नहीं देंगे.

संयुक्त राष्ट्र ने और यूरोपीय सैनिकों को भेजने का आहवान इसलिए किया था ताकि यूरोपीय देशों से भी कम से कम उतने सैनिक तो हों जितने मुस्लिम देशों से आ रहे हैं.

बीबीसी संवाददाता क्रिस मॉरिस का कहना है कि पर्याप्त संख्या वाला अंतरराष्ट्रीय दल लेबनान पहुँचाने में जितनी ज़्यादा देर लगती है, उतना ही इसराइल और हिज़्बुल्ला में लड़ाई दोबारा छिड़ जाने की संभावना होगी.