http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 21 अगस्त, 2006 को 08:09 GMT तक के समाचार

मॉस्को के एक बाज़ार में धमाका, 10 मरे

रूस की राजधानी मॉस्को के एक बाज़ार में हुए धमाके में कम से कम 10 लोग मारे गए हैं और 16 अन्य घायल हुए हैं.

अधिकारियों के मुताबिक़ धमाका मॉस्को के पूर्वी ज़िले में हुआ. स्थानीय समय के मुताबिक़ साढ़े दस बजे हुए इस धमाके के कारण बाज़ार में आग लग गई.

रूस के आपातकालीन मामलों के मंत्रालय के मुताबिक़ धमाके के कारण एक दो मंज़िला इमारत ढह गई. घटनास्थल पर अफ़रा-तफ़री का माहौल है.

अधिकारी अभी भी ये पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं असल में क्या हुआ था और हादसे में कितने लोग मारे गए हैं.

जाँच

अभी तक 10 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई है. मरने वालों में कई बच्चे भी शामिल हैं. घटनास्थल पर मेडिकल टीम पहुँच गई है और घायलों का इलाज किया जा रहा है.

अभी तक धमाके के कारणों का पता नहीं चल पाया है. शुरुआती रिपोर्ट में ये कहा गया था कि हो सकता है धमाका गैस सिलिंडर फटने से हुआ हो लेकिन अब कहा जा रहा है कि ऐसा विस्फोटक के कारण भी हो सकता है.

रूसी अधिकारियों का कहना है कि धमाके के कारणों की जाँच की जा रही है. जाँच टीम ने अपना काम शुरू कर दिया है.

लेकिन रूस के आंतरिक मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि अभी तक उन्हें किसी 'आतंकवादी हमले' की आशंका नहीं नज़र आती.