http://www.bbcchindi.com

रविवार, 20 अगस्त, 2006 को 05:57 GMT तक के समाचार

जर्मनी में 'आतंकवादी' हमले की चेतावनी

जर्मनी के अधिकारियों ने देशवासियों को 'आतंकवादी' हमले की चेतावनी दी है. यह चेतावनी एक 'संदिग्ध' व्यक्ति की गिरफ़्तारी के बाद दी गई है.

गिरफ़्तार व्यक्ति पर कथित रूप से दो ट्रेनों में विस्फोट करने की साज़िश रचने का आरोप लगाया गया है.

देश की अपराध शाखा के प्रमुख जोर्ग ज़र्के ने बताया कि इस साज़िश में शामिल दूसरे व्यक्ति की तलाश हो रही है और इस वजह से ख़तरे की स्थिति से इनकार नहीं किया जा सकता है.

यह भी कहा गया है कि इस साज़िश के पीछे केवल यही दो लोग नहीं है.

अधिकारियों ने बताया कि ये दोनों व्यक्ति किसी 'आतंकवादी गुट' का हिस्सा हो सकते हैं जो जर्मनी में हिंसक घटनाओं को अंजाम देना चाहते हैं.

'संदिग्ध'

पुलिस ने जिस व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है, बताया जा रहा है कि वो एक 21 वर्षीय लेबनानी छात्र है. गिरफ़्तार छात्र वर्ष 2004 से जर्मनी में रह रहा है.

शुक्रवार को पुलिस ने क्लोज़ सर्किट कैमरे से दो 'संदिग्ध' लोगों का वीडियो फ़ुटेज जारी किया था जिसके बाद इस छात्र की गिरफ़्तारी की गई है.

ग़ौरतलब है कि तीन हफ़्ते पहले ही जर्मनी के दो शहरों में ट्रेनों से दो बम बरामद किए गए थे.

उधर एहतियाती तौर पर जर्मनी के हवाई अड्डों पर चौकसी बढ़ा दी गई है और रेलवे अधिकारियों का कहना है कि निगरानी रखने के लिए स्टेशनों पर क्लोज़ सर्किट कैमरे लगाए जा रहे हैं.