रविवार, 20 अगस्त, 2006 को 12:13 GMT तक के समाचार
इराक़ की राजधानी बग़दाद में शिया मुसलमानों के एक धार्मिक समारोह के दौरान हुई अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 20 लोग मारे गए हैं.
इस धार्मिक समारोह के लिए बग़दाद में हज़ारों लोग इकट्ठा हुए हैं और सरकार ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है और दो दिनों के लिए राजधानी बग़दाद में सभी वाहनों पर पाबंदी लगी हुई है.
पिछले साल इसी समारोह के दौरान अफ़वाह के कारण भगदड़ मच गई थी. भगदड़ मचने के कारण एक हज़ार लोग मारे गए थे.
आठवीं सदी के इमाम मूसा अल-काज़िम की शहादत की याद में हो रहे धार्मिक समारोह के लिए राजधानी बग़दाद में एक बार फिर हज़ारों लोग इकट्ठा हुए हैं.
घटना
रविवार को राजधानी बग़दाद में हुई गोलीबारी की घटना में कम से कम 20 लोग मारे गए हैं और 300 से ज़्यादा घायल हैं. शनिवार को भी बग़दाद के सुन्नी इलाक़े में सात लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी.
इस बीच प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने चेतावनी दी है कि अगर मस्जिदों से जातीय हिंसा को बढ़ावा दिया जाएगा तो ऐसे लोगों के ख़िलाफ़ आतंकवाद निरोधक क़ानून के तहत कार्रवाई होगी.
उन्होंने कहा कि धार्मिक समारोहों को शांतिपूर्ण तरीक़े से होने देना चाहिए.
बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि शिया नेता मुक़्तदा अल सद्र की मेहदी सेना के लड़ाके भी धार्मिक समारोह में हिस्सा लेने आए शिया मुसलमानों की सुरक्षा में लगे हैं.