http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 18 अगस्त, 2006 को 16:30 GMT तक के समाचार

बग़दाद में दो दिनों तक वाहनों पर पाबंदी

इराक़ की सरकार ने शिया मुसलमानों के एक महत्वपूर्ण धार्मिक समारोह की तैयारी के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और दो दिनों के लिए राजधानी बग़दाद में सभी वाहनों पर पाबंदी लगा दी है.

अधिकारियों ने शिया मुसलमानों को सलाह दी है कि वे ख़ुद भी अपनी सुरक्षा के प्रति सचेत रहें और जातीय बातें न करें क्योंकि इससे हिंसा को बढ़ावा मिलता है.

राजधानी बग़दाद और आसपास के इलाक़ों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और काफ़ी चौकसी बरती जा रही है.

पिछले साल इस धार्मिक समारोह के दौरान अफ़वाह फैल गई थी जिसके बाद भगदड़ मचने से क़रीब एक हज़ार लोग मारे गए थे.

हादसा

उस समय भगदड़ मचने के कारण दजला नदी के ऊपर बने पुल की रेलिंग टूट गई थी. जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग नदी में डूब गए थे. मरने वालों में महिलाएँ और बच्चे भी शामिल थे.

अब इस सप्ताहंत फिर आठवीं सदी के इमाम मूसा अल-काज़िम की शहादत की याद में धार्मिक समारोह होने जा रहा है.

इस धार्मिक समारोह के मद्देनज़र राजधानी बग़दाद में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होना शुरू हो गए हैं. उम्मीद है कि हज़ारों की संख्या में और लोग बग़दाद में जुटेंगे.

शुक्रवार की नमाज़ के दौरान एक शिया मौलवी ने लोगों से अपील की कि वे दिखा दें कि हमलों की आशंका से शिया मुसलमान अपने रास्ते से नहीं भटकेंगे.