रविवार, 13 अगस्त, 2006 को 22:17 GMT तक के समाचार
इसराइल और लेबनान के बीच युद्धविराम लागू हो गया है. इसके साथ ही एक माह से अधिक समय तक चली लड़ाई रुक गई है.
सोमवार सुबह ग्रीनिच मान समय पाँच बजे यानी भारतीय समयानुसार लगभग 10.30 बजे से दोनों देशों की ओर से युद्धविराम लागू हो गया.
हलाँकि चरमपंथी संगठन हिज़्बुल्ला को निरस्त्र करने के मुद्दे पर प्रस्तावित लेबनानी कैबिनेट की बैठक टल गई है.
पर इस बैठक के टलने को एक बड़ी अड़चन के रूप में देखा जा रहा है.
बेरुत स्थित बीबीसी संवाददाता निक चाइल्ड्स के मुताबिक बैठक के टलने से स्थायी युद्धविराम की स्थापना जटिल हो गई है.
हिज़्बुल्ला के निरस्त्रीकरण पर लेबनानी कैबिनेट की यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण थी क्योंकि युद्धविराम प्रस्ताव में कहा गया है कि लेबनान में सरकार सुनिश्चित करे कि उसकी अनुमति के बिना कोई हथियार नहीं रख सकेगा.
लड़ाई
युद्धविराम प्रभावी होने से ठीक पहले तक इसराइली हमले जारी रहे. रविवार रात को हुए इसराइली हमलों में सात लेबनानी नागरिक मारे गए.
इससे पहले हुए हमलों में 23 लेबनानी मारे गए. वहीं, हिज़्बुल्ला के रॉकेट हमलों में एक इसराइली नागरिक की जान गई.
युद्धविराम लागू होने के बावजूद दक्षिणी लेबनान में इसराइल के हज़ारों सैनिक मुस्तैद हैं.
इसराइल ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक लेबनान में संयुक्त राष्ट्र सेना की तैनाती नहीं हो जाती, उसकी सेना वहाँ जमी रहेगी.
उधर संयुक्त राष्ट्र के उप महासचिव मार्क मैलच ब्राउन ने कहा कि लेबनान में शांति सैनिकों की तैनाती में एक माह तक का समय लग सकता है.