शुक्रवार, 11 अगस्त, 2006 को 04:37 GMT तक के समाचार
ब्रिटेन से अमरीका जानेवाले विमानों में धमाकों की साज़िश को नाकाम करने का अभियान अब भी जारी है.
इस सिलसिले में 24 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोग ब्रितानी मुस्लिम हैं.
इधर ब्रितानी पुलिस ने इस साज़िश के सिलसिले में हिरासत में लिए गए 19 संदिग्ध लोगों की संपत्ति के लेन-देन पर रोक लगा दी है.
ब्रितानी सरकार ने यह क़दम नए आतंकवाद विरोध क़ानून के तहत उठाया है.
पुलिस का कहना है कि इस साज़िश के मुख्य सूत्रधार पकड़ लिए गए हैं. लेकिन अमरीकी संसद के एक वरिष्ठ सूत्र ने बीबीसी को बताया कि ब्रिटिश अधिकारियों ने अमरीकी अधिकारियों को जानकारी दी है कि पाँच संदिग्ध चरमपंथी अब भी हाथ नहीं आए हैं.
इससे ये आशंका बढ़ी है कि विमानों को धमाके से उड़ाने की साज़िश करनेवाले अपनी दूसरी योजना को अंजाम दे सकते हैं.
साज़िश
ग़ौरतलब है कि ब्रिटेन पुलिस ने गुरुवार को कहा था कि उसने अमरीका जाने वाले कुछ विमानों में धमाके करने की एक बड़ी साज़िश को नाकाम कर दिया है.
लंदन पुलिस की आतंकवाद निरोधक शाखा के मुखिया पीटर क्लार्क ने बताया कि विस्फोटक सामग्री उस सामान के साथ ले जाने की साज़िश रची गई थी जो यात्री विमान में अपने साथ रखते हैं.
उन्होंने बताया है कि ब्रिटेन से अमरीका की तरफ़ जाने वाले कम से कम दस विमानों में उड़ान के दौरान ही धमाके करने की साज़िश थी.
ब्रिटिश सरकार ने देश में सतर्कता का स्तर 'गंभीर' से बढ़ाकर 'अत्यंत गंभीर' कर दिया है जिसका मतलब है कि किसी हमले की बहुत आशंका है.
संघर्ष जारी
इधर अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने कहा है कि ब्रिटेन से अमरीका को जानेवाली उड़ानों में धमाकों की साज़िश कड़वी यादों को ताज़ा कर गई.
उनका कहना था कि अमरीका का इस्लामी चरमपंथियों से संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है.
राष्ट्रपति बुश का कहना था,'' इस्लामी फासीवादी ...स्वतंत्रता चाहनेवालों को किसी भी तरीके से समाप्त कर देना चाहते हैं.’’
उनका कहना था कि 11 सितंबर, 2001 के हमलों की तुलना में अमरीका ज़्यादा सुरक्षित है लेकिन वह 'पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है.'
राष्ट्रपति बुश ने कहा,'' अमरीकी लोगों को यह जान लेना चाहिए कि हम ख़तरनाक दुनिया में रहते हैं. लेकिन हमारी सरकार अपने लोगों को सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी.''
अमरीकी अधिकारियों का कहना है कि विमानों में धमाकों की योजना से लगता है कि इसमें अल क़ायदा का हाथ हो सकता है.
उधर अमरीकी सरकार ने ब्रिटेन से अमरीका आनेवाले सभी विमानों के लिए सतर्कता सर्वोच्च स्तर पर कर दी है.
उसने सभी घरेलू और अन्य अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए सुरक्षा के स्तर में भी बढ़ोत्तरी कर दी है. अमरीका और ब्रिटेन के बीच की उड़ानों पर अतिरिक्त मार्शल तैनात किए गए हैं.
नए सुरक्षा इंतज़ामों के तहत विमानों में किसी भी तरह का तरल पदार्थ, बालों में लगाने वाला जैल या तेल को ले जाने पर भी रोक लगा दी गई है. यात्री अब ये सामान विमान में अपने साथ लेकर नहीं जा सकेंगे.