गुरुवार, 10 अगस्त, 2006 को 17:06 GMT तक के समाचार
अमरीका के राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने संकेत दिया है कि ब्रिटेन से अमरीका जाने वाले कुछ विमानों में धमाकों की नाकाम साज़िश में अल क़ायदा का हाथ हो सकता है.
उन्होंने कहा कि ऐसा मानना ग़लत है कि इस साजिश से अमरीका को कोई ख़तरा नहीं था.
हालांकि उन्होंने कहा कि वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमलों के दिनों की तुलना में देश में सुरक्षा की वर्तमान स्थिति ज़्यादा बेहतर है.
उधर अमरीकी सरकार ने ब्रिटेन से अमरीका आने वाले सभी विमानों के लिए सतर्कता के सर्वोच्च स्तर की घोषणा कर दी है.
इसके अतिरिक्त देश के अन्य घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की सुरक्षा वयवस्था बढ़ा दी गई है.
नए सुरक्षा इंतज़ामों के तहत हवाईजहाज़ों में किसी भी तरह का तरल द्रव्य जैसे पेय पदार्थ, बालों में लगाने वाला जैल या लेपों को ले जाने पर भी रोक लगा दी गई है और यात्री अब ये सामान हवाई जहाज़ में अपने साथ लेकर नहीं जा सकेंगे.
नाक़ाम साजिश
ग़ौरतलब है कि ब्रिटेन पुलिस ने गुरुवार को कहा कि उसने अमरीका जाने वाले कुछ विमानों में धमाके करने की एक बड़ी साज़िश को नाकाम कर दिया है.
लंदन पुलिस की आतंकवाद निरोधक शाखा के मुखिया पीटर क्लार्क ने बताया कि विस्फोटक सामग्री उस सामान के साथ ले जाने की साज़िश रची गई थी जो यात्री विमान में अपने साथ रखते हैं.
उन्होंने बताया है कि ब्रिटेन से अमरीका की तरफ़ जाने वाले कम से कम दस विमानों में उड़ान के दौरान ही धमाके करने की साज़िश थी.
ब्रिटिश सरकार ने देश में सतर्कता का स्तर 'गंभीर' से बढ़ाकर 'अत्यंत गंभीर' कर दिया है जिसका मतलब है कि किसी हमले की बहुत आशंका है.