मंगलवार, 08 अगस्त, 2006 को 11:36 GMT तक के समाचार
इराक़ की राजधानी बग़दाद में सिलसिलेवार हुए बम धमाकों में कम से कम 19 लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं.
बग़दाद के अल-शुरजा ज़िले के एक व्यस्त बाज़ार में दो बम फटे जिससे कम से कम 10 लोगों की जानें गईं और 69 लोग घायल हुए.
इससे पहले बग़दाद में एक मिनीबस और टैक्सी पर को भी बम से निशाना बनाया गया. इस घटना में कम से कम नौ लोग मारे गए.
बग़दाद में हुए दो अन्य धमाकों में पुलिस को निशाना बनाया गया जिसमें तीन लोग घायल हो गए.
मंगलवार को बग़दाद में एक बैंक पर भी हथियारबंद लोगों ने धावा बोला.
इन लोगों ने तीन सुरक्षा गार्डों और दो बैंक अधिकारियों को मार दिया और बड़ी धनराशि लेकर फ़रार हो गए.
सोमवार को ही बग़दाद में करीब चार हज़ार अमरीकी सैनिकों को तैनात किया गया है ताकि जातीय हिंसा और अपहरण की घटनाओं को कम किया जा सके.
बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि अमरीकी सैनिकों की तैनाती को इस रुप से देखा जा रहा है कि बग़दाद में हिंसा रोकने के लिए चला दो महीने पुराना अभियान विफल हो गया है जिसमें करीब पचास हज़ार इराक़ी सैनिक शामिल थे.