रविवार, 06 अगस्त, 2006 को 13:07 GMT तक के समाचार
इराक़ में एक अमरीकी सैन्य अदालत चार सैनिकों के बारे में यह फ़ैसला कर रही है क्या कथित बलात्कार और हत्या के मामले में उनका कोर्ट मार्शल किया जाए या नहीं.
चार अमरीकी सैनिकों पर राजधानी बग़दाद के दक्षिण महमूदिया गाँव में एक 14 साल की लड़की के साथ बलात्कार और फिर उसकी हत्या करने का आरोप है. इन सैनिकों पर इस लड़की के परिवारवालों को भी जान से मारने का आरोप हैं.
जबकि पाँचवें सैनिक पर आरोप है कि उसने इस कथित हमले पर पर्दा डालने की कोशिश की. इस मामले में इराक़ी प्रत्यक्षदर्शी बंद कमरे में चल रही अदालती कार्यवाही में गवाही दे रहे हैं.
क्योंकि उन्हें डर है कि उन पर बदले की कार्रवाई हो सकती है. इराक़ में अमरीकी सैनिकों पर इस तरह के कई गंभीर आरोप लगते रहे हैं.
आरोप
सार्जेंट पॉल कोरेट्ज़, स्पेशलिस्ट जेम्स बेकर, प्राइवेट जेसी स्पीलमैन और प्राइवेट ब्रायन हॉवर्ड पर बलात्कार और हत्या के आरोप हैं.
पाँचवें सैनिक प्राइवेट स्टीवेन ग्रीन ने अब सेना छोड़ दी है. लेकिन उन पर आरोप है कि सेना छोड़ने से पहले उन्होंने इस घटना पर पर्दा डालने की कोशिश की. ग्रीन ने इन आरोपों से इनकार किया है.
ग्रीन के ख़िलाफ़ अमरीका में अलग से मुक़दमा चलेगा. अगर इन चारों सैनिकों का कोर्ट मार्शल करने का फ़ैसला हो जाता है और उन्हें दोषी भी पाया जाता है, तो उन्हें मौत की सज़ा भी मिल सकती है.
अमरीकी सैनिकों पर पहले भी गंभीर आरोप लगे हैं. पिछले साल नवंबर में हदिथा में 24 इराक़ी लोगों के मामले की अमरीकी सेना जाँच कर रही है. इस नरसंहार का आरोप भी अमरीकी मरीन सैनिकों पर है.