रविवार, 06 अगस्त, 2006 को 18:15 GMT तक के समाचार
इराक़ में पुलिस ने कहा है कि तिकरित शहर में एक आत्मघाती हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है और 20 लोग घायल हुए हैं.
ये हमला स्थानीय समयानुसार करीब सवा आठ बजे हुआ. हमले के समय कई स्थानीय लोग किसी व्यक्ति को दफ़नाने के लिए इकट्ठा हुए थे.
पुलिस अधिकारी लैथ हामिद ने एपी को बताया कि हमले में स्थानीय काउंसिल के एक सदस्य की मौत हो गई.
अधिकारी के मुताबिक हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है.
तिकरित पर ये हमला ऐसे समय हुआ है जब अमरीकी सैनिकों को बग़दाद में तैनात किया गया है.
बग़दाद में करीब चार हज़ार अमरीकी सैनिकों को तैनात किया जा रहा है ताकि अपहरण की घटनाओं में कमी लाई जा सके.
पुलिस का कहना है कि बग़दाद में कम से कम 12 लोगों के शव बरामद किए गए हैं.