बुधवार, 02 अगस्त, 2006 को 12:13 GMT तक के समाचार
क्यूबा के नेता फिदेल कास्त्रो ने कहा है कि एक ऑपरेशन के बाद उनका स्वास्थ्य स्थिर है और वह बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं.
क्यूबा के टेलीविज़न के ज़रिए फिदेल कास्त्रो ने यह बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है, "मैं बिल्कुल अच्छा महसूस कर रहा हूँ."
फिदेल कास्त्रो के पेट में कुछ रक्तस्राव हुआ था जिसके इलाज के लिए उन्होंने अस्थायी तौर पर सत्ता सोमवार को अपने भाई राउल को सौंप दी थी.
फिदेल कास्त्रो अगस्त में 80 साल के हो गए हैं. उनका स्वास्थ्य ख़राब होने से पहले कहा गया था कि बहुत व्यस्त दिनचर्या की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी थी.
अभी यह पता नहीं चला है कि वह स्वास्थ्य लाभ कहा कर रहे हैं, अस्पताल में या अपने घर?
टेलीविज़न पर जारी किए गए बयान में फिदेल कास्त्रो को स्वास्थ्य लाभ के लिए शुभकामनाएँ जारी की गई हैं और ये शुभकामनाएँ दुनिया भर से भी आई हैं.
बयान में क्यूबा वासियों से अपनी सामान्य दिनचर्या जारी रखने का भी अनुरोध किया गया है.
बयान में कहा गया है, "हर व्यक्ति को संघर्ष करना होता है और कामकाज करते रहना होता है."
यह पहला मौक़ा है जब फिदेल कास्त्रो ने 1959 में सत्ता में आने के बाद देश के शासकीय अध्यक्ष के तौर पर अपना प्रभार छोड़ा है.
क्यूबा की राजधानी हवाना में बीबीसी संवाददाता स्टीफ़न गिब्स का कहना है कि क्यूबा के लोगों में फिदेल कास्त्रो की तबीयत ख़राब होने की ख़बर पर कुछ दुख नज़र आ रहा है.
क्यूबा में दुकानों और दफ़्तर सामान्य रूप से खुले हुए हैं और अतिरिक्त सुरक्षा कहीं नहीं नज़र आ रही है.
उधर अमरीकी राष्ट्रपति के कार्यालय व्हाइट हाउस का कहना है कि वह क्यूबा की ताज़ा घटनाओं पर नज़र रख रहा है. उधर अमरीका में रहने वाले क्यूबाई लोग कास्त्रो की तबीयत ख़राब होने के बाद के घटनाक्रम पर ख़ुशी जता रहे हैं.
75 वर्षीय राउल कास्त्रो फिदेल कास्त्रो के भाई और रक्षा मंत्री हैं और उन्हें काफ़ी लंबे समय से फिदेल के सत्ता बदल के रूप में देखा जाता रहा है.
फिदेल कास्त्रो को दुनिया के ऐसे शासकों में गिना जाता है जो सबसे ज़्यादा लंबे समय तक रहे हैं. वह 1959 में सत्ता में आए थे, तब से अमरीका में नौ राष्ट्रपति गद्दी पर बैठ चुके हैं.