सोमवार, 31 जुलाई, 2006 को 14:08 GMT तक के समाचार
इराक़ी पुलिस का कहना है कि सेना की वर्दी पहने कुछ बंदूकधारियों ने बग़दाद के एक व्यापारिक केंद्र से कम से कम 20 लोगों को अगवा कर लिया है.
रिपोर्टों के मुताबिक बंदूकधारियों ने मोबाइल फ़ोन की एक दुकान और इराक़ी-अमरीकी चैंबर ऑफ़ कॉमर्स से लोगों को अगवा किया.
ये लोग 15 वाहनों में आए थे. बंदूकधारियों कौन थे और उनका मकसद क्या था ये अभी स्पष्ट नहीं है.
एक प्रत्यक्षदर्शी ने रॉयटर्स को बताया कि बंदूकधारियों ने लोगों के हाथ बाँधे और उनके आँखों पर पट्टी लगा दी.
घटनास्थल के पास मौजूद एक गार्ड ने बताया है कि बंदूकधारी पुलिस कारों में आए थे और कारों पर नंबर प्लेट नहीं थे.
गार्ड ने एएफ़पी को बताया कि बंदूकधारियों ने पुरुषों और महिलाओं को अलग अलग किया और फिर पुरुषों को अपने साथ ले गए.
पिछले कुछ समय से लगातार बग़दाद में इस तरह की घटनाएँ हो रही हैं.
इसी महीने एक खेल कॉंफ़ेंस से तीन अधिकारियों को बंधक बना लिया गया था.
इससे पहले पिछले महीने कई ट्रेवल कंपनियों से करीब 50 लोगों को बंधक बनाया गया था.
इन में से ज़्यादातर लोगों की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है.
इराक़ सरकार का कहना है कि वो मंगलवार से बग़दाद में मोबाइल नाके बनाएगी ताकि अपहरण की घटनाओं को कम किया जा सके.