रविवार, 30 जुलाई, 2006 को 17:37 GMT तक के समाचार
अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस ने कहा है कि हिज़बुल्ला और लेबनान के बीच युद्धविराम और इस मुद्दे के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक सहमति बन रही है.
राइस ने यरुशलम में संवाददाताओं से कहा कि इस हफ्ते युद्धविराम संभव हो सकेगा.
उन्होंने कहा कि अमरीका आने वाले दिनों में संयुक्त राष्ट्र से अपील करेगा कि लेबनान मुद्दे के स्थायी समाधान के लिए समग्र प्रस्ताव लेकर आए जिसमें युद्धविराम और दक्षिणी लेबनान में अंतरराष्ट्रीय शांति बल तैनात करने का प्रावधान हो.
इसराइल ने काना में रविवार को एक इमारत पर हवाई हमले में 54 नागरिकों के मारे जाने के बाद 48 घंटे के लिए हवाई हमले स्थगित कर दिए हैं
लेबनान के काना कस्बे पर इसराइली बमबारी पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में चर्चा चल रही है.
इसके पहले संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफ़ी अन्नान ने सुरक्षा परिषद से लेबनान के काना कस्बे में इसराइली हमले की कड़े शब्दों में निंदा करने की माँग की थी.
ग़ौरतलब है कि रविवार सुबह हुए हमले में कम से कम 50 लोग मारे गए थे.
सुरक्षा परिषद की आपात बैठक को संबोधित करते हुए अन्नान ने सदस्य देशों को आपसी मतभेदों को भुलाते हुए इसराइल-हिज़्बुल्ला संघर्ष में तुरंत युद्धविराम की अपील करने को कहा है.
कोफ़ी अन्नान ने कहा, "अभी क़दम उठाए जाने की ज़रूरत है, इससे पहले कि और बच्चे, महिलाएँ और पुरुष मारे जाएँ."
उन्होंने कहा, "मैं बहुत ही निराश हूँ कि तत्काल युद्धविराम की मेरी पहले की अपील अनसुनी की गई. उसके बाद से निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं और आम लोगों को कठिनाइयाँ झेलनी पड़ रही है."
क़ानूनों का उल्लंघन
अन्नान ने कहा कि इसराइल और हिज़्बुल्ला दोनों ने अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन किया है.
संयुक्त राष्ट्र में लेबनानी दूत नुहद महौद ने संयुक्त राष्ट्र की इसराइल के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने में विफल रहने के लिए आलोचना की.
उन्होंने इसराइल पर मानवता के ख़िलाफ़ अपराध करने का आरोप लगाया.
दूसरी ओर इसराइली दूत डान गिलरमैन ने कहा कि काना हिज़्बुल्ला चरमपंथियों का गढ़ रहा है और उन्होंने आम लोगों को अपनी ढाल के रूप में इस्तेमाल किया.
गिलरमैन ने सुरक्षा परिषद से तत्काल युद्धविराम की अपील नहीं करने का आग्रह किया है.