गुरुवार, 27 जुलाई, 2006 को 20:23 GMT तक के समाचार
अल क़ायदा के नंबर दो नेता अयमान अल ज़वाहिरी ने एक वीडियो के ज़रिए कहा है कि अल क़ायदा लेबनान और ग़ज़ा में मुसलमानों पर हो रहे हमलों का जवाब देगा.
ये वीडियो अरबी टीवी चैनल अल जज़ीरा पर प्रसारित किया गया है.
अयमान अल ज़वाहिरी का कहना था कि अल क़ायदा ऐसी परिस्थियों में चुप नहीं रह सकता जब यहूदी और इसाइयों का धर्मयुद्ध चल रहा हो.
उनका कहना था कि लेबनान और ग़ज़ा में जो कुछ भी हो रहा है वह अफ़ग़ानिस्तान और इराक़ में जगं करने के महत्व को दर्शाता है.
ज़वाहिरी का कहना था, "इसराइल के साथ युद्ध किसी संधी या संघर्षविराम के समझौते के लिए नहीं हो रहा...ये ख़ुदा के लिए जेहाद है जब तक कि ख़ुदा का मज़हब हर जगह कायम नहीं हो जाता. ये जेहाद फ़लस्तीनी को मुक्त कराने के लिए हैं..."
इस विडियो में उन्हें ये भी कहते हुए दिखाया गया, "जैसे वे हम पर हर जगह हमले कर रहे हैं, हम उन पर हर जगह हमले करेंगे. जिस तरह उन्होंने संयुक्त रूप से हमारे ख़िलाफ़ लड़ाई लड़ी है, हमारी क़ौम भी उनसे लड़ने के लिए एकजुट होगी."
माना जा रहा है कि जब से इसराइल ने लेबनान के ख़िलाफ़ हमले शुरु किए हैं तब से अल क़ायदा का ये पहला बयान है.