बुधवार, 26 जुलाई, 2006 को 13:17 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव कोफ़ी अन्नान ने इसराइल और हिज़्बुल्ला दोनों से लडाई बंद करने का एक बार फिर आग्रह किया है.
मध्य पूर्व में पैदा हुए इस संकट पर इटली की राजधानी रोम में एक सम्मेलन में कोफ़ी अन्नान ने कहा कि इसराइल को हवाई बमबारी, समुद्री नाकेबंदी और ज़मीनी हमलों को तुरंत रोकना चाहिए.
उन्होंने हिज़्बुल्ला को भी इसराइली नागरिकों को जानबूझ कर निशाना बनाने से बाज़ आने को कहा.
कोफ़ी अन्नान लेबनान संकट का हल ढूंढने के लिए रोम में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में बोल रहे थे.
लेबनान के प्रधानमंत्री फुआद सिन्यूरा ने कहा कि लेबनान इस लड़ाई में हुए नुक़सान के लिए इसराइल के खिलाफ़ कानूनी कारवाई करेगा.
लेबनानी अधिकारियों के मुताबिक इस लड़ाई में अब तक लगभग दो अरब डॉलर का नुक़सान हो चुका है.
इटली के विदेश मंत्री मासीमो डी अलेमा ने लेबनान के पुनर्निमाण के लिए अंतरराष्ट्रीय दानदाता सम्मेलन बुलाने की बात कही है.
रोम में इस सम्मेलन में यूरोपीय संघ के कई सदस्यों के अलावा अमरीका, रूस, कनाडा, तुर्की और कुछ अरब देश शामिल हुए.
ईरान, सीरिया और इसराइल को इस सम्मेलन में आमंत्रित नहीं किया गया था.
कोफ़ी अन्नान ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण है लेबनान पर होने वाले किसी भी समझौते में सीरिया और ईरान को भी शामिल किया जाए.