http://www.bbcchindi.com

रविवार, 23 जुलाई, 2006 को 10:04 GMT तक के समाचार

लेबनान में हिज़बुल्ला और इसराइल के बीच संघर्ष तेज़

दक्षिणी लेबनान में इसराइली सैनिकों और हिज़बुल्ला लड़ाकों के बीच संघर्ष तेज़ हो गया है जबकि संयुक्त राष्ट्र के राहत संयोजक यैन एलगैन ने लेबनान पर इसराइली बमबारी को भयानक और मानवीय क़ानूनों का उल्लंघन बताया है.

रविवार को दिन भर हिज़बुल्ला छापामारों ने इसराइली शहरों पर रॉकेट दागे जबकि इसराइल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हवाई हमले किए हैं.

हवाई हमलों के कारण सीमावर्ती टायर शहर से लोगों को पलायन करने में दिक्कतें आ रही हैं.

ख़बरें हैं कि सिदान, दक्षिणी बेरुत और बेका घाटी में भी इसराइली सेना ने हमले किए हैं.

उधर हिज़बुल्ला के रॉकेटों ने एक बार फिर हाइफा में तबाही मचाई जिसमें दो इसराइली मारे गए हैं.

संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र के राहत संयोजक यैन एलगैन ने लेबनान पर इसराइली बमबारी को भयानक और मानवीय क़ानूनों का उल्लंघन बताया है.

लेबनान के दक्षिणी बेरूत ज़िले के दौरा करने के बाद एगलैन ने कहा कि इसराइली बमबारी के कारण बड़ी संख्या में घर तबाह हो गए हैं.

उन्होंने इसराइल से अपील की कि वह आपात राहत कार्यों के लिए अनुमति दे ताकि प्रभावित इलाक़ों तक राहत सामग्री पहुँचाई जा सके.

इसराइल ने कहा है कि वह राहत सामग्री लेकर जाने वाले जहाज़ों को बेरूत जाने देगा. लेकिन एगलैन का कहना है कि जितने बड़े पैमाने पर नुक़सान हुआ है और सड़क और पुल तबाह हो गए हैं, उससे संयुक्त राष्ट्र के लिए राहत सामग्री पहुँचाना भी मुश्किल होगा.

कूटनीतिक कोशिशें

लेबनान पर इसराइली हमले के कारण पैदा हुई स्थिति से निपटने के लिए तीन यूरोपीय देशों के दूत इसराइली सरकार के साथ अलग-अलग बात कर रहे हैं.

जर्मनी के विदेश मंत्री से बातचीत के बाद इसराइल के रक्षा मंत्री आमिर पेरेत्ज़ ने दक्षिणी लेबनान में अंतरराष्ट्रीय शांति सुरक्षा बलों को तैनात करने के प्रस्ताव का समर्थन किया और कहा कि इससे हिज़बुल्ला को सीमावर्ती इलाक़ों से दूर रखा जा सकेगा.

पेरेत्ज़ ने जर्मनी के विदेश मंत्री फ्रैंक वाल्टर स्टेनमायर के साथ वार्ता के बाद यह बयान दिया है. पेरेत्ज़ ने कहा कि ऐसी कोई भी शांति सेना का नेतृत्व नाटो के हाथ में हो.

हालांकि अभी तक इस बात पुष्टि नहीं हो पाई है कि दोनों नेताओं की वार्ता में नाटो की भूमिका पर चर्चा हुई थी या नहीं. लेबनान पर जारी हमलों के बारे में पेरेत्ज़ का कहना था कि जब तक सीमा से हिज़बुल्ला को खदेड़ने का इसराइल का उद्देश्य पूरा नहीं हो जाता तब तक यह कार्रवाई जारी रहेगी.

इससे पहले पिछले हफ्ते इसराइली प्रधानमंत्री एहुद ओल्मर्ट ने अंतरराष्ट्रीय शांति सुरक्षा बल तैनात करने के प्रस्ताव को यह कहते हुए ख़ारिज़ किया था कि ऐसा करना जल्दबाज़ी होगी.

बाद में फ़्रांस के विदेश मंत्री फ़िलीप डूस्ट ब्लाज़ी और ब्रितानी विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी किम हॉवेल्स भी इसराइली अधिकारियों से मिलेंगे.

अमरीका की विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस भी मध्यपूर्व के लिए रवाना होने वाली हैं.