गुरुवार, 20 जुलाई, 2006 को 19:57 GMT तक के समाचार
न्यूज़ीलैंड में एक महिला पुलिसकर्मी आर्थिक संकट से निपटने के लिए अपने काम के साथ पार्टटाइम देह व्यापार भी कर रही है.
ऑकलैंड की इस महिला पुलिसकर्मी के नाम और पदनाम के बारे में जानकारी नहीं दी गई है लेकिन लेकिन उसके यौनकर्मी के रुप में पार्टटाइम काम करने की जानकारी विभाग को है.
पुलिस विभाग के प्रवक्ता का कहना था कि हालांकि महिला पुलिसकर्मी को पार्ट टाइम में ऐसा काम करने की अनुमति दे दी गई है लेकिन देह व्यापार 'अनुचित है और पुलिस के काम के साथ तालमेल बैठाने वाला नहीं है'.
उल्लेखनीय है कि न्यूज़ीलैंड में वर्ष 2003 से देह व्यापार को क़ानूनी रुप से वैध बना दिया गया है.
प्रवक्ता जॉन नीलसन का कहना था कि विभाग को कुछ समय से पता है कि वह महिला पुलिसकर्मी एक निश्चित समय के लिए ऐसा काम करती हैं.
लेकिन उन्होंने यह जानकारी नहीं दी कि वह महिला कहाँ और कब ऐसा काम करती है.
समझा जाता है कि पुलिस विभाग के आलाअधिकारियों को इस महिला अधिकारी के 'दूसरे काम' के बारे में थोड़े समय पहले ही जानकारी मिली थी.
न्यूज़ीलैंड की यौनकर्मियों की एक संस्था के प्रवक्ता का कहना है कि एक व्यस्त रात में वह 500 न्यूज़ीलैंड डॉलर तक की कमाई कर लेती होगी, हालांकि यह वेश्यालय पर भी निर्भर करता है.
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए न्यूज़ीलैंड के प्रमुख राजनीतिक दल के प्रवक्ता रॉन मार्क का कहना था, "यह ठीक है कि ऑकलैंड में बहुत से पुलिसकर्मियों की आर्थिक हालत खस्ता है लेकिन वे सब देह व्यापार नहीं करने लगे हैं."
उनका कहना था कि देह व्यापार को वैध कर देने के बाद भी वेश्यालय अपराधियों का अड्डा बने हुए हैं.