http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 15 जुलाई, 2006 को 11:33 GMT तक के समाचार

इराक़ी ओलंपिक समिति के प्रमुख अगवा

इराक़ की पुलिस का कहना है कि राजधानी बग़दाद में अज्ञात बंदूकधारियों ने इराक़ी राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के प्रमुख अहमद अल हाजिया और 30 अन्य लोगों को अगवा कर लिया है.

इराक़ी सेना और पुलिसकर्मियों की पोशाक पहने लोगों ने हाजिया और अन्य अधिकारियों की गाड़ी रोकी और उन्हें अगवा कर लिया.

ये घटना एक कॉन्फ़्रेंस सेंटर के पास हुई. बीबीसी संवाददाता का कहना है कि अभी अपहृत लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है.

पुलिस अभी यह भी नहीं बता पाई है कि इस घटना के लिए कौन ज़िम्मेदार है. अहमद अल हाजिया इराक़ के जाने-माने लोगों में गिने जाते हैं.

उन्होंने वर्ष 2003 में इराक़ी ओलंपिक समिति के प्रमुख का पद संभाला था. अहमद अल हाजिया सुन्नी मुसलमान हैं लेकिन किसी भी राजनीतिक दल के साथ उनका कोई संबंध नहीं है.

अगवा किए गए लोगों में ज़्यादातर अंगरक्षक और खेल अधिकारी हैं. अभी ये पता नहीं चल पाया है कि क्या अगवा किए गए लोगों में कोई एथलीट भी है या नहीं.

मई में भी खेल अधिकारियों पर हमले किए गए थे. उस समय बंदूकधारियों ने इराक़ी नेशनल टेनिस टीम के कोच और दो खिलाड़ियों को मार दिया था.