http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 13 जुलाई, 2006 को 19:40 GMT तक के समाचार

इसराइली शहर हाइफ़ा पर रॉकेट हमले

लेबनान के शिया चरमपंथी संगठन हिज़बुल्ला की धमकियों के कुछ घंटों बाद ही इसराइल के एक प्रमुख शहर हाइफ़ा पर दो रॉकेट हमलों की ख़बरें मिली हैं.

इस हमले में अभी तक किसी के घायल होने की ख़बरें नहीं मिली हैं.

इसराइल की नाकाबंदी की कार्रवाई को देखते हुए हिज़बुल्ला ने चेतावनी दी थी कि अगर लेबनान की राजधानी बेरूत पर हमला किया जाता है तो इसके जवाब में हिज़बुल्ला इसराइली शहर हाइफ़ा पर हमला कर सकता है.

पिछले दो दिनों में हिज़बुल्ला ने इसराइल पर दर्जनों रॉकेट हमले किए हैं जिनमें कम से कम एक इसराइली के मरने और कई अन्य के घायल होने की ख़बरें मिली हैं.

हाइफ़ा इसराइल की तीसरा बड़ा शहर है और लेबनान सीमा से 30 किलोमीटर से भी ज़्यादा फ़ासले पर है. माना जाता रहा है कि इसराइली का लेबनान सीमा से दूर स्थित यह शहर हिज़बुल्ला की पहुँच के बाहर है.

हालांकि चरमपंथी संगठन हिज़बुल्ला ने अपनी ओर से ऐसे किसी भी हमले से साफ़ इनकार किया है.

उधर इसराइल ने लेबनान पर ज़मीनी, समुद्री रास्ते से और हवाई छापामारी शुरू कर दी है. इसराइल के दो सैनिकों का बुधवार को हिज़बुल्ला के चरमपंथियों ने अपहरण कर लिया था जिसके बाद इसराइल ने लेबनान पर कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी शुरू कर दी है.

इसराइल के युद्धपोतों ने लेबनान के बंदरगाहों की नाकाबंदी कर दी है और लेबनान की राजधानी बेरूत के अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर इसराइल ने हवाई हमले किए जिसमें हवाईपट्टी को नुकसान पहुँचा है.

हमलों के बाद इस हवाईअड्डे को बंद कर दिया गया है. इसराइल के इन हमलों में अबतक 50 लोगों की जानें जा चुकी हैं.