http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 10 जुलाई, 2006 को 13:19 GMT तक के समाचार

'चेचन विद्रोही नेता बसायेफ़ मारे गए'

रूस की सुरक्षा सेवा के प्रमुख निकोलाई पारुशेफ़ ने कहा है कि चेचेन्या के विद्रोही नेता शमील बसायेफ़ को मार दिया गया है. उनकी कई मामलों में तलाश की जा रही थी.

बसायेफ़ का जीवन परिचय

निकोलाई पारुशेफ़ ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को बताया है कि रूसी सुरक्षाबलों द्वारा रात को चलाए गए अभियान में बसायेफ़ को मार दिया गया.

ये अभियान रूस के पड़ोसी देश इंगुशेतिया में हुआ.

रूसी सुरक्षा सेवा के प्रमुख ने कहा कि बसायेफ़ रूस में होने वाले जी-आठ सम्मेलन के वक़्त हमले करने की योजना बना रहा था.

व्लादिमिर पुतिन ने कहा है कि शमील बसायेफ़ को रूस में विभिन्न हिंसक घटनाएँ करने का फल मिला है.

पुतिन ने ख़ासकर 2004 के बेसलन बंधक कांड का ज़िक्र किया जिसमें 300 से ज़्यादा लोग मारे गए थे.

शमील बसायेफ़ के मारे जाने की स्वतंत्र सूत्रों से पुष्टि नहीं हुई है.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ये पहली बार नहीं है कि रूसी अधिकारियों ने बसायेफ़ को मारने का दावा किया है.