http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 07 जुलाई, 2006 को 05:54 GMT तक के समाचार

पुलिस को और हमलों की आशंका

लंदन में एक साल पहले हुए बम धमाकों की जांच कर रहे दल के प्रमुख ने आशंका व्यक्त की है कि आने वाले दिनों में ऐसे और हमले हो सकते हैं.

वेस्ट यॉर्कशायर पुलिस प्रमुख कोलिन क्रैंपहॉर्न का कहना है कि सात जुलाई जैसे और हमले ब्रिटेन में हो सकते हैं. उनका कहना था कि ऐसे हमलों की संभावना "बहुत अधिक" है.

क्रैंपहॉर्न ने बम धमाकों की सार्वजनिक जांच कराने की मांग को ठुकराते हुए कहा है कि बार बार की जांच से अच्छा है कि संसाधनों का इस्तेमाल आने वाले दिनों में होने वाले हमलों को रोकने के लिए किया जाए.

लंदन में पिछले साल सात जुलाई को चार धमाके हुए थे जिसमें 52 लोगों की मौत हो गई थी. ये धमाके करने वाले यार्कशायर के चार लोग थे.

संवाददाता सम्मेलन में बीबीसी संवाददाता मार्क थांपसन ने जब क्रैंपहॉर्न से पूछा कि क्या ऐसे और हमले हो सकते हैं तो उनका कहना था " मुझे अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि ऐसा बहुत हद तक संभव है."

उनका कहना था " वेस्ट यॉर्कशायर में आतंकवाद विरोधी जांच में हमें जो सबूत मिले हैं उससे ये संकेत मिलते हैं कि आने वाले दिनों में हमलों की संभावना बहुत अधिक है. "

ऐसे किसी भी संभावित हमले के लिए क्रैंपहॉर्न ने लोगों को सलाह दी कि वो सतर्क रहें.

उत्तरी आयरलैंड में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रह चुके क्रैंपहॉर्न ने कहा कि आतंकवाद को सुरक्षा बल या सुरक्षा सेवाएं रोक नहीं सकती बल्कि इसे लोग और समुदाय ही समाप्त कर सकते हैं.

क्रैंपहॉर्न का कहना था कि अगर समुदाय में लोगों के बीच समन्वय है तो आतंकवाद की चुनौती से निपटा जा सकता है.

वेस्ट यॉर्कशायर में पुलिस और मुस्लिम समुदाय के संबंधों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि संबंध अच्छे हैं लेकिन बिल्कुल सही स्थिति में नहीं कहे जा सकते.

उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय से कई बार पुलिस को बहुत अधिक मदद भी मिली है.