http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 04 जुलाई, 2006 को 21:39 GMT तक के समाचार

उत्तर कोरिया ने मिसाइलों का परीक्षण किया

उत्तर कोरिया ने एक के बाद कई मिसाइलों का परीक्षण किया है. अमरीका का कहना है कि इनकी संख्या छह तक हो सकती है.

अमरीका ने इस बात की पुष्टि की है कि इनमें से एक लंबी दूरी तक मार करनेवाली तायपोदोंग-2 मिसाइल थी.

उत्तर कोरिया इस मिसाइल को विकसित करने में काफ़ी समय से लगा हुआ था और इसकी मारक क्षमता अमरीका तक है.

अमरीकी अधिकारियों का कहना है कि लंबी दूरी तक मार करनेवाली मिसाइल असफल रही और यह प्रक्षेपण के 40 सेकंड बाद गिर गई.

जबकि कम से कम तीन मिसाइलें जापान के समुद्र क्षेत्र में गिरीं. अमरीकी रक्षा विभाग का कहना है कि ये मिसाइलें कम दूरी तक मारक क्षमतावाली थीं.

अमरीका के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत जॉन बोल्टन ने कहा कि वो सुरक्षा परिषद के अन्य देशों के साथ तत्काल बात कर रहे हैं.

दूसरी ओर अमरीकी विदेश विभाग के एक अधिकारी ने इसे भड़कानेवाली कार्रवाई बताया है.

जापान सरकार ने भी इस पर चिंता व्यक्त की है और इसे शांति और स्थायित्व के लिए संकट बताया है. दक्षिण कोरिया सरकार ने मिसाइल परीक्षण पर कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई है.

परीक्षण की तैयारी

पिछले कुछ दिनों से ऐसी ख़बरें आ रही थीं कि उत्तर कोरिया लंबी दूरी की मिसाइल का परीक्षण करने वाला है और इसके बाद अमरीका और जापान ने उसे चेतावनी भी दी थी.

इसी के तहत दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति किम दाए जुंग ने प्योंगयांग की अपनी पूर्व निर्धारित यात्रा रद्द कर दी है.

दूसरी ओर उत्तर कोरिया ने साफ़ कर दिया था कि उसे मिसाइलों के परीक्षण का पूरा अधिकार है. हालांकि उत्तर कोरिया ने मसले को सुलझाने के लिए अमरीका से बातचीत का भी आह्वान किया था.

इससे पहले एक अधिकारी के हवाले से ख़बर आई थी कि अमरीका ने अपनी मिसाइल रोधी प्रणाली को सक्रिय कर दिया है. लेकिन अमरीकी रक्षा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि नहीं की थी.

उत्तर कोरिया ने 1998 में तायपोदोंग 1 का परीक्षण किया था जिसकी मारक क्षमता दो हज़ार किलोमीटर से अधिक है.

इसके बाद उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम पर छह देशों की बहुस्तरीय वार्ता शुरु हुई थी जिसमें उत्तर कोरिया आगे मिसाइलों का परीक्षण रोकने पर सहमत हो गया था.

बीच में ये वार्ता रुक गई और प्रेक्षकों का कहना है कि वर्तमान मिसाइल परीक्षणों के ज़रिए उत्तर कोरिया इन वार्ताओं को फिर शुरु करवाना चाहता है.