http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 30 जून, 2006 को 17:12 GMT तक के समाचार

'अभियान सरकार को गिराने की साजिश'

फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री इस्माईल हानिया ने ग़ज़ा में इसराइल के सैनिक अभियान की निंदा की है. उन्होंने कहा कि ये अभियान हमास के नेतृत्व वाली सरकार को गिराने की साजिश है.

ग़ज़ा में एक मस्जिद में दिए अपने भाषण में उन्होंने कहा कि इसराइल के हमलों और कई राजनेताओं की गिरफ़्तारी के बावजूद हमास अपनी नीतियाँ नहीं बदलेगा.

इसराइल की सैनिक कार्रवाई शुरू होने के बाद पहली बार अपने संबोधन में हानिया ने फ़लस्तीनी लोगों से संयम बरतने की अपील की.

इसराइल ने अपने अगवा किए गए सैनिक को छुड़ाने के लिए ग़ज़ा में रात में सैनिक कार्रवाई की. हवाई हमले में फ़लस्तीनी गृह मंत्रालय का भवन क्षतिग्रस्त हो गया है और एक फ़लस्तीनी चरमपंथी के भी मारे जाने की ख़बर है.

इसराइल की सैनिक कार्रवाई

इसराइल ने अपने हवाई हमले में सरकारी इमारतों को निशाना बनाया. इस समय हमास की अगुआई में फ़लस्तीनी सरकार चल रही है.

अपील

इस बीच रेड क्रॉस ने इसराइल से अपील की है कि वह ग़ज़ा में मेडिकल सप्लाई की अनुमति दे. अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस कमेटी के एक प्रवक्ता ने बताया कि उनका संगठन ग़ज़ा में मानवीय संकट पर चिंतित है.

संयुक्त राष्ट्र के राहत संयोजक यैन एगलैंड ने ग़ज़ा में बढ़ते मानवीय संकट पर चेतावनी दी है और ग़ज़ा के मुख्य बिजली प्लांट को नष्ट करने की इसराइली कार्रवाई की आलोचना की है.

दूसरी ओर मिस्र से ख़बर आई है कि इसराइली सैनिक की सुरक्षित रिहाई के लिए मिस्र के मध्यस्थों और फ़लस्तीनी चरमपंथी गुट में हो रही बातचीत में प्रगति हुई है.

एक समाचार पत्र को दिए इंटरव्यू के आधार पर राष्ट्रपति होस्नी मुबारक को ये कहते बताया गया है कि चरमपंथी इसराइली सैनिक की सशर्त रिहाई के लिए तैयार हो गए हैं.

लेकिन इसराइली विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता मार्क रेगेव ने बीबीसी को बताया है कि सिर्फ़ बिना शर्त रिहाई से ही इलाक़े में सैनिक कार्रवाई थम सकती है.

उधर फ़लस्तीनी सरकार के एक प्रवक्ता का कहना है कि इसराइल की कार्रवाई से बातचीत में मुश्किल आ रही है.