बुधवार, 28 जून, 2006 को 23:29 GMT तक के समाचार
अमरीका के उत्तर पूर्वी इलाक़ों में आई भीषण बाढ़ में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है और हज़ारों लोगों को इन क्षेत्रों से हटाया जा रहा है.
पिछले कुछ वर्षों में आई सबसे ख़तरनाक बाढ़ में ससकेहाना नदी का पानी बढ़ गया है जिसकी वजह से पूर्वोत्तर पेनसिलावेनिया के आस पास ही दो लाख लोगों से इलाक़ा खाली करवाना पड़ा है.
न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क औऱ पेनसिलावेनिया राज्यों के कई हिस्सों में आपातकाल लागू कर दिया है. पिछले कुछ दिनों में पूर्वी तट पर भारी बारिश के बाद कारण बाढ़ आई है.
न्यूयॉर्क के गवर्नर जॉर्ज पटकी के अनुसार पिछले 12 वर्षों की यह सबसे भीषण बाढ़ है.
पेनसिलावेनिया के विल्क्स बार क्षेत्र में सबसे अधिक लोगों से घर खाली कराए गए क्योंकि शहर में ससकेहाना नदी का पानी घुस आया है.
सड़कें बंद
पूरे क्षेत्र में हेलीकॉप्टर चक्कर काट रहे हैं जिनमें गोताखोर और नावें भी लदी हुई हैं ताकि बाढ़ में फंसे किसी भी व्यक्ति को बचाया जा सके.
फिलाडेफिया में बच्चों के एक ऐसे ही समूह को बचाया गया जो बाढ़ में फंस गया था.
राष्ट्रीय मौसम विभाग ने बताया की अमरीका के पूर्वी हिस्सों में बाढ़ के कारण नौ मौतें हो चुकी हैं.
न्यूयॉर्क के पास दो ट्रक चालक बाढ़ के पानी में अपनी ट्रक नहीं संभाल सके और वाहन समेत बह गए. न्यूयॉर्क के हाउसेविले में भी एक मोटरचालक के साथ ऐसा ही हुआ.
मैरीलैंड में बाढ़ के पानी में फंसी हुई कार से निकाले गए तीन लोग एक ट्रक की छत पर राहत का इंतज़ार कर रहे थे लेकिन पानी का तेज़ बहाव ट्रक को बहा ले गया.
पूरे इलाक़े में सड़कें बंद कर दी गई हैं और मोटर चालकों से सावधानी बरतने को कहा गया है.