मंगलवार, 27 जून, 2006 को 06:32 GMT तक के समाचार
इसराइली सैनिक को फ़लस्तीनी चरमपंथियों से मुक्त करवाने के मामले में अमरीका ने हिंसा के ख़िलाफ़ चेतावनी देते हुए कूटनीति को एक मौक़ा देने की अपील की है.
अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस ने कहा है कि सैनिक की रिहाई के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रयास जारी हैं.
उन्होंने कहा है कि तनाव बढ़ाने की जगह शांति बनाए रखनी चाहिए.
इसराइल के प्रधानमंत्री एहुद ओल्मर्ट के ये कहने के बाद कि लापता इसराइली सैनिक के बारे में जानकारी के बदले फ़लस्तीनी क़ैदियों रिहा नहीं किया जाएगा, अमरीकी विदेश मंत्री ने ये अपील की है.
उल्लेखनीय है कि रविवार को ग़ज़ा की सीमा के पास एक सैनिक चौकी पर हमला करने के बाद एक इसराइली सैनिक को अगवा कर लिया गया था.
उस हमले में दो इसराइली सैनिक और दो फ़लस्तीनी चरमपंथी मारे गए थे.
फ़लस्तीनी चरमपंथी गुटों ने महिला क़ैदियों के अलावा उन बच्चों की रिहाई की भी मांग की थी जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम है.
इसराइली प्रधानमंत्री ने सैनिक को रिहा करवाने के लिए बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करने की धमकी दी है.
इस बीच कई टैंक और सैनिक टुकड़ियाँ गज़ा की सीमा पर जमा हो रही हैं.
फ़लस्तीनी प्राधिकरण की सरकार के सदस्यों ने कहा है कि उन्हें इसराइली सैनिक का कोई अतापता नहीं है. लेकिन चरमपंथियों से अपील भी कि है कि सैनिक के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए.