मंगलवार, 27 जून, 2006 को 22:32 GMT तक के समाचार
इसराइली वायुसेना के मध्य ग़ज़ा में दो पुलों पर हमले के बाद इसराइली थल सेना ने ग़ज़ा पट्टी में ज़मीनी कार्रवाई शुरु कर दी है.
फ़िलहाल इस बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है कि ये एक सीमित कार्रवाई है या फिर बड़ा थल सैनिक हमला है.
इसराइल की वायुसेना का कहना है हवाई हमले इसलिए किए गए ताकि फ़लस्तीनी चरमपंथी अगवा किए गए इसराइली सैनिक को इधर-उधर न ले जा पाएँ.
फ़िलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि इसराइली वायुसेना के हवाई हमले में कोई हताहत हुआ है या नहीं. बताया जा रहा है कि वहाँ माहौल में काफ़ी तनाव है.
महत्वपूर्ण है कि रविवार को इसराइली सैनिक के अपहरण के बाद इसराइली प्रधानमंत्री ने बड़ी सैनिक कार्रवाई की धमकी दी थी.
कुछ दिन से इसराइली सैनिक और टैंक ग़ज़ा के साथ लगती इसराइली सीमा पर जमा हैं.
इसराइली सैनिक को ग़ज़ा की सीमा के पास एक सैनिक चौकी पर हमला के बाद अगवा किया गया था. उस हमले में दो इसराइली सैनिक और दो चरमपंथी मारे गए थे.
फ़लस्तीनी चरमपंथी गुट 'पॉपुलर रिज़िस्टेन्स कमेटीस' का कहना कि अगवाह किया गए इसराइली सैनिक को तब तक बंदी रहेगा जब तक उस गुट की शर्तें पूरी नहीं होती.
जिन फ़लस्तीनी चरमपंथियों ने सैनिक को अगवा किया है, उनकी माँग है कि इसराइली क़ैद में फ़लस्तीनी महिलाओं और बच्चों को रिहा किया जाए लेकिन इसराइली प्रधानमंत्री इस माँग को ठुकरा चुके हैं.