http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 26 जून, 2006 को 20:01 GMT तक के समाचार

बुश ने न्यूयॉर्क टाइम्स पर हमला बोला

अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने जाने-माने न्यूयॉर्क टाइम्स अख़बार की तीख़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया है कि उसमें छपी एक रिपोर्ट के कारण 'आतंक के ख़िलाफ़ जंग' को लड़ना और मुश्किल हो गया है.

राष्ट्रपति बुश का कहना था कि अख़बार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक लेन-देन पर नज़र रखने वाले एक गुप्त सरकारी कार्यक्रम का विस्तृत ब्यारा छापा.

उन्होंने प्रशासन के उस कदम को सही ठहराया जिसके तहत वह चरमपंथियों के पैसे पर नज़र रखता है.

पिछले हफ़्ते न्यूयॉर्क टाइम्स ने छापा था कि सीआईए को दुनिया के प्रमुख 'फ़ाइनेंश्यल क्लियरंग हाउस' में खातों के रिकॉर्ड देखने की इजाज़त दी गई है.

लेकिन अख़बार ने ये भी बताया था कि इसके कारण अल क़ायदा के सदस्यों की गिरफ़्तारी संभव हो पाई है.

नागरिक अधिकार संगठनों ने नागरिकों के गोपनीयता के अधिकार के हनन के बारे में चिंता जताई थी लेकिन अमरीकी कांग्रेस के कुछ रिपब्लिकन सदस्यों ने ये ख़बर छापने के लिए अख़बार की निंदा की थी.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि न्यूयॉर्क टाइम्स अब पत्रकारों की स्वतंत्रता और ज़िम्मेदारी पर चल रही एक तीख़ी बहस के केंद्र में है.