सोमवार, 26 जून, 2006 को 02:20 GMT तक के समाचार
इराक़ में अल क़ायदा से जुड़े एक चरमपंथी संगठन मुजाहिदीन शूरा काउंसिल ने रुसी दूतावास के चार अपह्त कर्मचारियों की हत्या कर दी है.
दूतावास कर्मचारियों का तीन हफ्ते पहले बग़दाद में अपहरण कर लिया गया था.
इंटरनेट पर लगाए एक वीडियो संदेश में चारों कर्मचारियों को अपना बयान देते दिखाया गया है.
इस बयान के बाद वीडियो में एक कर्मचारी की हत्या करते हुए, एक कर्मचारी का शव और तीसरे कर्मचारी को गोली मारते हुए दिखाया गया है.
चरमपंथी संगठन ने अपने संदेश में कहा है कि रुस चेचन्या में मुसलमानों के साथ जो कर रहा है उसका बदला लेते हुए दूतावास कर्मचारियों से लिया गया है.
रुस की सरकार ने इन रुसी नागरिकों की मौतों की पुष्टि नहीं की है और न ही स्वतंत्र रुप से इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि हो सकी है.
मॉस्को रेडियो पर सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा अभी तक इराक़ में उनके सूत्रों ने रुसी बंधकों के मारे जाने की पुष्टि नहीं की है.
उनका कहना था " विदेश मंत्रालय हर संभव कोशिश कर रहा है जानकारी जुटाने की और इस ख़बर की सच्चाई जानने की."
बग़दाद में इन रुसी कर्मचारियों का उस समय अपहरण किया गया जब वे कार से जा रहे थे. इस हमले में पांचवे कर्मचारी की मौत हो गई थी.