रविवार, 25 जून, 2006 को 07:15 GMT तक के समाचार
फ़लस्तीनी चरमपंथी समूहों ने गज़ा पट्टी के पास इसराइली सेना की चौकी पर हमला किया है जिसके बाद हुई गोलीबारी में तीन चरमपंथी और दो सैनिक मारे गए हैं.
इसराइल ने कहा है कि केरेम शैलोम सीमा के पास हुई इस घटना में दो इसराइली मारे गए हैं जबकि दो सैनिक घायल हुए हैं.
गज़ा की पॉपुलर रज़िस्टेंस कमिटी के प्रवक्ता ने इस घटना की ज़िम्मेदारी ली है और कहा है कि उन्होंने इसराइली हमले में अपने एक नेता की मौत का बदला लेने के लिए यह हमला किया है.
फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास का कहना है कि उन्होंने इस हमले में मदद की थी.
हमास और उसके विरोधी संगठन फ़तह के बीच रविवार को भी वार्ता का नया दौर शुरु होने वाला है जिसमें दोनों पक्ष सत्ता संघर्ष को लेकर हो रहे खून खराबे को रोकने पर ज़ोर देंगे.
बदले की कार्रवाई
इसराइली सेना के सूत्रों ने कहा है कि केरेम शैलोम चौकी पर बहुत देर तक गोलाबारी हुई है.
गज़ा में बीबीसी संवाददाता एलन जॉनस्टन का कहना है कि गज़ा से पिछले वर्ष इसराइली सेना के हटने के बाद यह सबसे बड़ा अभियान है.
हमास के प्रवक्ता ने कहा है कि उनके चरमपंथियों ने एक टैंक को नष्ट कर दिया है.
उधर पॉपुलर रज़िस्टेंस कमिटी ने कहा है कि पिछले दिनों इसराइली सेना ने उनके नेता जमाल अबू समहदाना की हत्या कर दी थी और इसी का बदला लेने के लिए हमला किया गया था.
चरमपंथियों का ये भी कहना है कि इसराइली गोलाबारी में पिछले दिनों गज़ा समुद्र तट पर एक फ़लस्तीनी परिवार की भी मौत हुई थी और इस हमले के ज़रिए इन सभी का बदला लिया गया है.
संवाददाताओं का कहना है कि हर चरमपंथी हमले के बाद इसराइली सेना अपनी कार्रवाई करती है और अब सभी को इंतज़ार है कि इसराइल आगे क्या करता है.