http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 24 जून, 2006 को 21:44 GMT तक के समाचार

अब्बास, हानिया की ग़ज़ा में बातचीत

ग़ज़ा में इसराइल के कब्ज़े का सामना करने के लिए संयुक्त रणनीति बनाने पर फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास और प्रधानमंत्री इस्माइल हानिया के बीच बातचीत शुरु हो गई है.

ये बातचीत दोनो पक्षों के अधिकारियों के बीच कई दिन की चर्चा के बाद हो रही है.

दोनो पक्षों के बीच हुई चर्चा के बाद फ़लस्तीनी गुटों - हमास और फ़तह के अधिकारियों ने कहा था दोनो पक्ष फ़लस्तीनी राष्ट्र और अप्रत्यक्ष तौर पर इसराइल को मान्यता दिए जाने के मुद्दे पर सहमति के क़रीब हैं.

हमास अब तक उन सब फ़ॉर्मूलों को ख़ारिज करता आया है जिनके मुताबिक उसके लिए इसराइल को मान्यता देना अनिवार्य हो.

उधर हमास ने इसराइल के उन आरोपों का खंडन किया है कि पिछली रात ग़ज़ा पट्टी में छापों के दौरान पकड़े गए दो भाई हमास के चरमपंथी हैं और हमला करने की योजना बना रहे थे.

हमास ने इसराइली कार्रवाई को आपराधिक गतिविधि और अपहरण की संज्ञा दी है.

ये पहला मौका था जब पिछले साल सितंबर में ग़ज़ा पर अपना कब्ज़ा छोड़ने के बाद इसराइल ने वहाँ गिरफ़्तारियाँ की थीं.