शुक्रवार, 23 जून, 2006 को 22:58 GMT तक के समाचार
चरमपंथी संगठन अल क़ायदा के दूसरे नंबर के शीर्ष नेता अयमन अल ज़वाहिरी ने इराक़ में मारे गए चरमपंथी अबू मुसाब अल ज़रक़ावी ख़ूब तारीफ़ की है.
अरबी टेलीविज़न चैनल अल जज़ीरा पर प्रसारित वीडियोटेप में उन्होंने ज़रक़ावी को 'हीरो' और 'शहीदों का शहज़ादा' कहा है.
ज़वाहिरी ने सफ़ेद कपड़े पहन रखे थे और काली पगड़ी बाँधी हुई थी. उनके पीछे ज़रक़ावी की मुस्कराती हुई तस्वीर टँगी हुई थी.
गत सात जून को इराक़ में एक अमरीकी हवाई हमले में ज़रकावी की मौत हो गई थी.
ज़रकावी की मौत के बाद ज़वाहिरी ने पहली बार कुछ कहा है.
वैसे तो ज़रक़ावी की मौत के दो दिन बाद यानी नौ जून को भी अल जज़ीरा पर ज़वाहिरी का एक वीडियो टेप दिखाया गया था लेकिन वह वीडियो कुछ दिनों पहले रिकॉर्ड किया गया लगता था क्योंकि उसमें ज़रक़ावी की मौत का ज़िक्र नहीं था.
ताज़ा टेप में ज़वाहिरी ने कहा है कि ज़रक़ावी की मौत का बदला लिया जाएगा.
इसमें उन्होंने इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी और इराक़ में अमरीका के राजदूत ज़ल्मै ख़लीलज़ाद की निंदा भी की है.
अल ज़वाहिरी ने इस वीडियो टेप में कहा है, "अमरीका का सामना किसी एक व्यक्ति से नहीं है बल्कि संपूर्ण मुस्लिम राष्ट्र से है."
माना जाता है कि ज़वाहिरी अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान की सीमापर किसी स्थान पर छिपे हुए हैं.