http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 23 जून, 2006 को 06:42 GMT तक के समाचार

हमले की साज़िश मामले में आरोप दर्ज

अमरीकी शहर शिकागो पर हमले की योजना के मामले में गिरफ़्तार लोगों पर अल क़ायदा के साथ काम करने की साज़िश रचने और उसके नियंत्रण में काम करने का मामला दर्ज किया गया है.

अमरीकी जाँच एजेंसी एफ़बीआई ने शिकागो की सबसे ऊंची इमारत सीयर्स टॉवर और अन्य स्थानों पर हमले की योजना के आरोप में सात लोगों को गिरफ़्तार किया है.

अधिकारियों का कहना है कि ये गिरफ़्तारियाँ उत्तरी मियामी के लिबर्टी इलाक़े में की गईं लेकिन उनसे कोई हथियार अथवा विस्फोटक बरामद नहीं हुए हैं.

अधिकारियों का कहना था कि इन लोगों से तत्काल कोई ख़तरा नहीं था और किसी अंतरराष्ट्रीय चरमपंथी संगठन से उनका सीधा संबंध नज़र नहीं आता.

हालांकि इन लोगों के बारे एफ़बीआई ने बहुत अधिक जानकारी नहीं दी है. लेकिन अधिकारियों ने पत्रकारों को बताया कि गिरफ़्तार किए गए अधिकांश लोग अमरीकी मुसलमान हैं और अधिकतर अश्वेत हैं.

अधिकारियों का कहना था कि वे अल क़ायदा के प्रति सहानुभूति रखनेवाले हैं. हालांकि उनका किसी विदेशी संगठन से कोई संबंध नहीं रहा है.

एक अधिकारी ने रॉयटर समाचार एजेंसी को बताया,'' पिछले कुछ दिनों में प्रशासन ने सात लोगों को अमरीकी सरकार के ख़िलाफ़ जिहाद के षड्यंत्र के आरोप में गिरफ़्तार किया है.''

ख़बरों के अनुसार ये लोग किसी शख्स को अल क़ायदा का एजेंट मानकर हथियार ख़रीदने की योजना बना रहे थे लेकिन असल में वो अमरीकी एजेंट था.

अधिकारियों का कहना है कि ये लोग सीयर्स टॉवर, मियामी की सरकारी इमारत और एफ़बीआई की कुछ इमारतों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे.

सीयर्स टॉवर अमरीकी की सबसे ऊंची इमारत है और इसकी ऊंचाई लगभग 1450 फुट है.