बुधवार, 21 जून, 2006 को 21:02 GMT तक के समाचार
इराक़ के पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन ने अपने एक प्रमुख वकील की हत्या के विरोध में जो भूख हड़ताल शुरू की थी वह अब ख़त्म कर दी है.
सद्दाम हुसैन और उनके सात साथियों ने कहा था कि जब तक उनके बचाव में मुक़दमा लड़ रहे वकीलों को अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा उपलब्ध नहीं करवाई जाएगी वे लोग खाना नहीं खाएंगे.
पुलिस के अनुसार सद्दाम के वकीलों में से एक खामिस अल-ओबैदि की गोली मार कर हत्या की गई.
इससे पहले उनके घर से उनको अगवा कर लिया गया था.
इराक़ के सरकारी टेलीविज़न के अनुसार अल-ओबैदि की हत्या चरमपंथियों ने की है.
ग़ौरतलब है कि पिछले साल भी सद्दाम मामले में बचाव पक्ष के दो वकीलों की हत्या हो चुकी है.
सद्दाम हुसैन के वकील ख़लील अलदुलैमी ने कहा, "सद्दाम हुसैन और उनसे सात साथी खामिस अल-ओबैदी की हत्या के विरोध में भूख हड़ताल कर रहे हैं."
इन सभी आठ लोगों पर मानवता के ख़िलाफ़ अपराध के आरोप हैं.
बचाव पक्ष इस आरोप का खंडन करता है कि 1982 में सद्दाम हुसैन की हत्या के प्रयास के बाद 148 शिया मुस्लिम ग्रामीणों की मौत के लिए वे दोषी थे.
बचाव पक्ष के वकील लगातार कहते रहे हैं कि उनको पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है.