बुधवार, 21 जून, 2006 को 06:33 GMT तक के समाचार
इंडोनेशिया के सुलावेसी प्रायद्वीप में बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम 80 लोगों की मौत हो गई है.
दक्षिण सुलावेसी प्रांत में पिछले दो दिनों से भारी वर्षो हो रही है और रिपोर्टों में कहा जा रहा है कि कई लोग अभी भी लापता हैं.
आशंका व्यक्त की जा रही है कि कई लोग मलबे के नीचे दबे हैं और उन्हें खोजने के लिए राहत अभियान चलाया जा रहा है.
इंडोनेशिया के इन प्रांतों में बारिश अधिक होती है जिसके कारण भूस्खलन और बाढ़ आते रहते हैं.
इस बार आई बाढ़ में सबसे बुरी तरह प्रभावित है सिनजाई प्रांत जहां 60 लोगों की मौत हुई है.
सिनजाई में जनस्वास्थ्य केंद्र के प्रमुख बचटियार कहते हैं " हम इन लाशों को देखकर हतप्रभ हैं."
सरकारी संवाद समिति अंतरा ने अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी है.
बुधवार को बारिश में थोड़ी कमी आई है और ख़बरों के अनुसार कुछ लोग अपने घरों को वापस भी लौट रहे हैं.
जनवरी महीने में बाढ़ और भूस्खलन के कारण जावा में 120 लोग मारे गए थे.