http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 21 जून, 2006 को 19:45 GMT तक के समाचार

बग़दाद में 80 कर्मचारियों का अपहरण

उत्तरी बग़दाद में बंदूकधारियों ने काम करने के बाद घर जा रहे दो फ़ैक्ट्रियों के कम से कम 80 इराक़ी कर्मचारियों का अपहरण कर लिया है.

कर्मचारी बसों में बैठकर घर जाने की तैयारी कर रहे थे.

अपहरण की यह घटना जहाँ हुई है वह एक सरकारी फ़ैक्ट्री है.

इस फ़ैक्ट्री में चार हज़ार कर्मचारी हैं.

समाचार एजेंसी रॉयटर ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि अपहृत कर्मचारियों की संख्या सौ तक या इससे अधिक हो सकती है.

घटना

अधिकारियों के अनुसार कर्मचारी बसों और मिनी बसों में घर जाने की तैयारी कर रहे थे.

उसी समय चार वाहन वहाँ आकर रुके और उसमें से कोई चालीस-पैंतालिस बंदूकधारी उतरे और उन्होंने दो बसों और एक मिनी बस में घुस गए.

उन्होंने महिलाओं को नीचे उतार दिया और पुरुषों को लेकर चले गए.

ख़बरें हैं कि अपहृत बसों में से एक के यात्रियों ने अपहरणकर्ता का विरोध किया और उसके हथियार छीन लिए.

ये अपहरणकर्ता घटना स्थल से भाग गया.

शेष कर्मचारियों के बारे में अब तक कोई सूचना नहीं मिली है.

इराक़ी पुलिस ने अपहरण के उद्देश्य के बारे में कुछ नहीं कहा है.

जिन फ़ैक्ट्रियों, हतीन और नस्र के कर्मचारियों का अपहरण हुआ है वहाँ सद्दाम हुसैन के शासनकाल में सैन्य उत्पादन होता था लेकिन बाद में उन्हें असैनिक उत्पादन में लगा दिया गया.

इराक़ में हाल के दिनों में हुई सामूहिक अपहरण की घटनाओं की ये ताज़ा कड़ी है.

इससे पहले अपहृत लोगों को या तो फ़िरौती वसूलने के बाद छोड़ा गया या फिर मार डाला गया.

इससे पहले सामूहिक अपहरण की घटनाएँ मार्च और मई में हुई थीं.